यूपी चुनाव की आड़ बिहार में बढ़ी राजनीतिक खींचतान, एनडीए के घटक दलों में चरम पर नूराकुश्ती
UP Vidhan Sabha Election 2022 एनडीए के घटक दलों के बीच नूराकुश्ती और बयानबाजी का दौर चरम पर है। गुरुवार को विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) प्रमुख मुकेश सहनी के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया। सहनी भी जवाब देने से चूके नहीं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को जमकर खरी खोटी सुनाई।
राज्य ब्यूरो पटना: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आड़ में बिहार में राजनीति खींचतान लगातार परवान चढ़ती जा रही है। अहम यह है कि एनडीए के घटक दलों के बीच नूराकुश्ती और बयानबाजी का दौर चरम पर है। गुरुवार को फिर विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) प्रमुख एवं पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया। फिर इसका जवाब वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी देने से चूके नहीं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को जमकर खरी खोटी सुनाई।
सहयोगी हैं, सहयोगी की तरह रहे: सम्राट चौधरी
वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी को पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने नसीहत दी है। सम्राट ने कहा है कि मुकेश सहनी एनडीए के सहयोगी हैं अगर सहयोगी की तरह रहे तो ठीक वरना जो कोई भी जहां कहीं जाना चाहता है, जा सकता है। सम्राट चौधरी ने कहा है कि किसी के चले जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता है। सम्राट चौधरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि हमने बिहार में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनवाने का काम किया। राजद के लोग जो जोड़-घटाव कर रहे हैं, उससे बिहार में सत्ता परिवर्तन नहीं होने वाला है। राजद के नेताओं को मेहनत करनी चाहिए न कि जोड़ घटाव। सम्राट चौधरी ने कहा कि जो लोग 2020 के चुनाव में नीतीश कुमार को हराना चाहते थे, उन्हें सफलता नहीं मिली हमने नीतीश कुमार को सत्ता में लाने का संकल्प लिया था। एक बार फिर नीतीश भाजपा के बूते बिहार के मुख्यमंत्री बने हुए हैं। बिहार में नीतीश कुमार की सरकार पूरे पांच साल तक चलेगी। उन्होंने कहा भाजपा के 11 सीट देने पर ही मुकेश सहनी के चार विधायक बने हैं और अब जाने की बात कह रहे हैैं, तो जाएं।
अनुकंपा वाले बताएंगे कि हमें क्या करना है: सहनी
सम्राट चौधरी का बयान के बाद मंत्री व विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने पलटवार किया। कहा, एनडीए रूपी घर के मालिक नीतीश कुमार हैं। पर मालिक की बजाय अनुकंपा वाले हमें बता रहे हैं कि हमें क्या करना है। सम्राट चौधरी और नीरज कुमार बबलू को उन्होंने किरायेदार बताया और कहा कि इनकी बातों को हम तवज्जो भी नहीं देते। ये कब तक मंत्री रहेंगे, इन्हें खुद नहीं पता। ये दिल्ली की मेहरबानी से मंत्री हैं। हम तो चुनाव हारने के बाद भी मंत्री बने और सरकार में हैं। जो कहीं के नहीं वे हमें चेतावनी दे रहे हैं कि हम घर छोड़ दें। किरायेदारों के कहने नहीं होगा, अगर वास्तव में चाहते हैं हम पार्टी छोड़े तो अमित शाम या जेपी नड्डा से कहें। सहनी ने कहा भाजपा सोचती है कि नीतीश कुमार को उसने मुख्यमंत्री बनाया है। सरकार गठन का पत्र हमने भी दिया है। अगर हम समर्थन नहीं देते तो क्या सरकार बन जाती? उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ रहे हैं तो उनके पेट में दर्द हो रहा है।