बेंगलुरु से बिहार लौटी गोलगप्पे वाले की पत्नी ने अपनी पसंद बता चौंकाया, थाने पहुंच गया मामला
बीते 10 दिसंबर को बिहार थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से लापता विवाहिता शनिवार को प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। पति के मामला दर्ज कराने की जानकारी होने पर प्रेमी पड़ोसी के साथ बेंगलुरु से लौटी महिला ने थाने में अपहरण होने की बात से इनकार कर दिया।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ (नालंदा): प्यार की एक और कहानी बिहार में चर्चा बटोर रही है। बीते 10 दिसंबर को बिहार थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से लापता विवाहिता शनिवार को प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। पति के द्वारा अपहरण का मामला दर्ज कराने की जानकारी होने पर प्रेमी पड़ोसी के साथ बेंगलुरु से लौटी महिला ने थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस के सामने उसने पति से पड़ोसी को पसंद करने की बात कहकर चौंका दिया। उसने कहा कि वह पड़ोस के रहने वाले युवक को पंसद करती है। पति के गोलगप्पा बेचने के लिए जाने पर वह प्रेमी को घर पर बुलाती थी। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि कोर्ट में बयान दर्ज किए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिहार थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पड़ोसी को पसंद करती थी। पति के गोलगप्पा बेचने के लिए जाने पर प्रेमी घर आ जाता था। इसके पहले कि पति वापस आए महिला प्रेमी को वापस भेज देती थी। यह सब काफी दिनों से चल रहा था। स्वजनों को भी इस बात की भनक नहीं लग पा रही थी। कई बार पति को इस घटना का शक हुआ पर पत्नी ने इनकार कर दिया। घर पर युवक को देखने पर महिला तरह-तरह की बात कहकर पति को बेवकूफ बना देती। इसी महीने की 10 तारीख को महिला घर से लापता हो गई। स्वजनों ने काफी खोजबीन की पर उसका कुछ पता नहीं चला। घटना के बाद महिला के पति ने बिहार थाने में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। शिकायत लेने के बाद बरामदगी के लिए पुलिस ने भी महिला की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को महिला बेंगलुरु से लौटी और प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। पति की मौजूदगी में उसने प्रेमी को पसंद करने की बात कही। महिला ने कहा कि वह पड़ोसी को पसंद करती है, अब उसी के साथ रहेगी।