इस केंद्रीय मंत्री ने खोली सुशासन की पोल, नीतीश सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने बिहार सरकार के सिस्टम पर सवालिया निशान लगाते हुए आरोप लगाया है कि बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बिल्कुल ध्वस्त है।
पटना, जेएनएन। भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने बिहार की नीतीश सरकार पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सुशासन की पोल खोल कर रख दी है। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के बिगड़े हालात से खफा होकर अपने संसदीय क्षेत्र आरा में बिहार चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक कार्यक्रम में हर विभाग के काम की बखिया उधेड़कर रख दिया है।
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने नीतीश सरकार पर पहला निशाना शिक्षा विभाग पर लगाया और कहा कि बिहार ही ऐसा राज्य है, जहां सरकारी स्कूलों में शिक्षक पढ़ाने के लिए आते ही नहीं हैं। आप ही सोचिए कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का क्या होगा?
केंद्रीय मंत्री ने उसके बाद बिहार में स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल दी। आर के सिंह ने कहा कि यहां के डॉक्टर प्रारंभिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाते ही नहीं हैं। ये लोग पटना और आरा में प्रैक्टिस करते हैं और इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। इसके बदले ये प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर सिविल सर्जन को पैसा देते हैं और यह सबको पता है कि सिविल सर्जन क्या करते हैं?
आरके सिंह उसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर भी नीतीश सरकार को घेरा और कहा कि बिहार में फसल खरीद बंद है, जबकि पूरे देश में फसल खरीद हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने रामविलास पासवान से कहा है कि वे अपने मंत्रालय से बिहार में क्रय केंद्र खोल दें।