पटना के पालीगंज में पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, दो ने घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
पालीगंज के सिगोड़ी थाना के नदहरी गांव में एक अनियंत्रित बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में शनिवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। पालीगंज के सिगोड़ी थाना के नदहरी गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि देर रात हुए हादसे के बाद दोनों घायलों को मदद नहीं मिल सकी। इससे घटनास्थल पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक का बाइक के नीचे तो दूसरे का शव पड़ा था कुछ दूर
मृतक की पहचान सिगोड़ी थाना के नूर चक गांव निवासी नाम रामलखन राय के पुत्र विपिन कुमार एवं उसके रिश्तेदार सुजान के रूप में हुई है। रविवार की सुबह जब ग्रामीण सोकर उठे तो उन्होंने दो लोगों का लहूलुहान शव देखा। जिसमें एक शख्स बाइक के नीचे तो दूसरा कुछ दूर पर पड़ा था। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
बाइक की गति तेज होने के कारण खोया नियंत्रण
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा देर रात का लगता है। वाहन की हालत देखकर प्रतीत होता है कि काफी तेज गति में होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया था। जिसके बाद दोनों सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गए। मृतकों के स्वजनों का घटना की सूचना दे दी गई है।