घर छोड़कर फरार दो बहनें पहुंची महिला आयोग, पिता-भाई पर लगाया बड़ा आरोप, जानिए
अधेड़ से शादी की बात सुनकर दो बहनें घर छोड़कर फरार हो गयीं और जब पिता ने एफआइआर दर्ज करायी तो दोनों महिला आयोग पहुंचीं और अपनी बात बतायी। आयोग पहुंचे पिता ने बेटियों से माफी मांगी।
पटना, जेएनएन। दोगुनी उम्र के युवक से शादी के लिए दबाव बनाए जाने पर एक लड़की अपनी बहन को साथ लेकर घर से निकल गई। बाद में पिता ने दोनों बेटियों के लापता होने पर राजीव नगर थाने में उसके दोस्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अभी मामले की छानबीन में जुटी ही थी कि दो बहनें खुद बिहार राज्य महिला आयोग पहुंच गईं। दोनों लड़कियों ने बताया कि पिता उनकी शादी जबरन तय कर रहे थे। इस वजह से वह अपनी बहन के साथ घर छोड़कर चली गई थी।
पिता के खिलाफ दिया आवेदन
सोमवार को दोनों बहनें आयोग पहुंचीं। दोनों ने थाने में दर्ज प्राथमिकी को गलत बताते हुए अपने पिता पर जबरन शादी कराने का आवेदन देते हुए कहा कि वे अभी पढ़ाई करना चाहती हैं। वह किसी सूरत में शादी करना नहीं चाहती है। इसी वजह से बड़ी बहन छोटी बहन को साथ लेकर घर से निकल गई थी। अब दोनों घर नहीं जाना चाहती है और न ही परिवार से कोई रिश्ता रखना चाहती है।
पीडि़ता ने बताया कि पिता व भाई ने अधिक उम्र के लड़के से शादी तय कर दी थी। लड़की का आरोप है कि शादी नहीं करने पर पिता व भाई सुसाइड करने की धमकी देते थे। जिस लड़के के साथ शादी तय हुई है वह चार बहनों में तीसरा है। वहीं लड़की की बहन की उम्र 17 साल है।
दो महीने के बाद ही छोटी बहन की शादी
आयोग में पीडि़ता ने बताया कि उसकी शादी के दो महीने बाद ही उसकी छोटी बहन की भी जबरन शादी करा दी जाती। इसी वजह से वह उसे भी अपने साथ ले गई। दोनों घर से शनिवार को गई थी। इस बीच भाई को कॉल कर जानकारी दी थी। दोनों बहनों ने एसएसपी व थाना पुलिस को ई-मेल भी भेजा था। दोनों अपनी इच्छा से शादी करना चाहती है।
सही उम्र के लड़के से कराएंगे शादी
आयोग पहुंचे लड़की के पिता ने माफी मांगते हुए कहा कि अपनी बेटी की शादी सही उम्र और उनकी इच्छा के अनुसार ही तय करेंगे। दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद केस को वापस ले लिया जाएगा।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा-
दोनों बहनों ने स्पष्ट किया है कि वो अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थीं। लड़की और उसके पिता को समझा बुझाकर भेज दिया गया। राजीव नगर थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई है।
दिलमणि मिश्रा, अध्यक्ष, बिहार राज्य महिला आयोग