बिहार में लगतार दूसरे दिन बम ब्लास्ट, एक बच्चा सहित दो घायल
बेगूसराय में शुक्रवार की सुबह बम ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक बच्चा सहित दो लोग घायल हो गए। इसके पहले गुरुवार को भी आरा में बम ब्लास्ट से दो अपराधी घायल हो गए थे।
बेगूसराय [जेएनएन]। अचानक बम धमाकों से इलाका दहल उठा। अफरा-तफरी व चीख-पुकार के बीच एक बच्चा सहित दो लोग घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना बेगूसराय के नावकोठी थानाक्षेत्र के पहसारा गांव स्थित कुख्यात अजय सिंह के घर में शुक्रवार की सुबह हुई। अजय सिंह की बीते साल दिसंबर में घर के पास ही हत्या कर दी गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार अजय सिंह के घर के आंगन में दोनों घायल पंपिंग सेट चालू करवा रहे थे। तभी मिट्टी की जरूरत पर गांव का 15 वर्षीय किशोर आशुतोष खुरपी से जमीन खोदने लगा। इस दौरान खुरपी जमीन में छिपाकर रखे बम के जखीेरे से जा टकराई और धमाका हो गया। घटना में आशुतोष के साथ अजय सिंह का रिश्तेदार चुनचुन सिंह घायल हो गए। घटना के बाद घर के लोग ताला लगाकर दोनों का इलाज कराने निकल पड़े।
सूचना मिलते ही नावकोठी पुलिस ने पहुंच कर जांच-पड़ताल की। थानाध्यक्ष शशि कुमार ने अजय सिंह के घर में विस्फोट होने की पुष्टि की। परंतु, घर बंद होने के कारण कुछ पता नहीं चलने की बात कही। साथ ही आसपास के लोग भी कुछ बताने से परहेज कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार घायल बच्चे का बयान आया है कि घर में रखे पटाखे वाले बम अलाव में डाल देने से घटना हुई। हालांकि, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। आशंका जताई जा रही है कि अजय सिंह के हत्यारों से बदला लेने के लिए बम अनजाने में ब्लास्ट कर गए।
बिहार में बम विस्फोट की यह लगातार दूसरे दिन हुई घटना है।इसके पहले गुरुवार की सुबह आरा शहर के शीशमहल चौक के पास हरखेन कुमार जैन धर्मशाला के एक कमरे में शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ था, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। विस्फोट के बाद अफरातफरी के बीच तीन अपराधी फरार हो गए।