Move to Jagran APP

Music ने जोड़े एेसे तार की दो माली बन गए संगीतकार, RJD व कांग्रेस के लिए लिखे गीत, जानें

दो एेसे माली जिनकी संगीत के कारण एक-दूसरे से पहचान हुई। आज वे देश की बड़ी पार्टी के लिए गीत लिखते हैं। प्रत्याशियों के लिए प्रचार करते हैं। जानें क्या है इनकी कहानी।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Wed, 22 May 2019 10:42 AM (IST)Updated: Wed, 22 May 2019 10:42 AM (IST)
Music ने जोड़े एेसे तार की दो माली बन गए संगीतकार, RJD व कांग्रेस के लिए लिखे गीत, जानें

कुमार रजत, पटना। दोस्ती की ये कहानी है पार्क में माली का काम करने वाले युवा नीतीश निराला और संगीत के लिए इंजीनियरिंग की पढ़ाई अधूरी छोडऩे वाले रिकी उर्फ पुरुषोत्तम की। संगीत के संयोग से दोनों की दोस्ती हुई और फिर संगत ऐसी बनी कि दोनों आज मुंबई में बतौर संगीतकार-गायक अपनी पहचान बनाने में लगे हैं। चुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए गीत लिखे और गाए। मुंबई में प्रिया दत्त के लिए प्रचार भी किया। फिलहाल दोनों समर कैम्प में बच्चों को संगीत का प्रशिक्षण देने के लिए पटना आए हैं।

loksabha election banner

इस कहानी की शुरुआत 2015 में होती है। रोहतास के प्रतापगंज गांव के मूल निवासी नीतीश निराला पढ़ाई के लिए पटना आए। पिता गुजरात में एक निजी कंपनी में ऑपरेटर हैं। घर की माली हालत खराब थी इसलिए कुछ काम खोजने लगे। संगीत के शौक से प्रभावित होकर स्थानीय वार्ड पार्षद ने उन्हें राजवंशीनगर स्थित नवीन सिन्हा स्मृति पार्क में माली का काम दिला दिया। नीतीश सुबह पौधों की छंटाई करते, पार्क की सफाई करते, टिकट भी काटते और रात में पार्क में बने कमरे में ही संगीत का रियाज करते।

पार्क में मिले थे दोनों

इसी बीच पार्क में राजवंशीनगर में ही रहने वाले युवा रिकी आए जो संगीत के कारण कॉलेज ड्रॉपआउट थे। वे हर शाम गिटार के साथ गीत गुनगुनाते। बीच-बीच में नीतीश भी रिकी के साथ गुनगुनाने लगते। रिकी कहते हैं, मैं गिटार के साथ हिंदी गाने गाता था जबकि नीतीश भोजपुरी। हमदोनों में दोस्ती जैसा कुछ नहीं था। इसी दौरान एक बार मेरा 100 रुपये की नोट खो गई। मुझे 100 रुपये की जरूरत थी, मैं सकुचाता हुआ नीतीश के पास गया। उसने तुरंत मुझे 100 रुपये दे दिए। नीतीश के भरोसे ने मेरा दिल जीत लिया। फिर हमारी दोस्ती हुई और हम साथ गाने लगे। आज मैं हिंदी के साथ भोजपुरी में भी गीत कंपोज करता हूं और मेरे लिए नीतीश हिंदी में गाने लिखते हैं।

आरजेडी और कांग्रेस के लिए गीत लिखे

रिकी बताते हैं कि मेरे पिता सत्येंद्र कुमार बिहार पुलिस रेडियो में एसआइ के पद पर हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोडऩे पर पहले तो वे गुस्सा हुए मगर बाद में नीतीश के साथ मेरी जोड़ी को जब तारीफ मिलने लगी तो वे भी सपोर्ट करने लगे। उनके सहयोग से ही होली मिलन समारोह के मौके पर आइपीएस मेस में हमने अपना पहला शो किया। इसमें डीजीपी नीलमणि, पूर्व डीजीपी अभ्यानंद के साथ कई वरीय पुलिस अफसर शामिल हुए। हमें 1500 रुपये का पारिश्रमिक मिला और खूब वाहवाही। इससे हमारा हौसला बढ़ा। इसके बाद अक्षरा सिंह के साथ जयनगर महोत्सव में परफॉर्मेंस दी। भारतीय नृत्य कला मंदिर में बॉलीवुड सिंगर टोची रैना के शो में भी प्रस्तुति दी। इन सारे शो से हमें खूब नाम-सम्मान मिला।

पटना में तारीफ, मुंबई में मिलते हैं पैसे

रिकी और नीतीश कहते हैं, अभी तक हमने राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और भाजपा के लिए गीत लिखे और कंपोज किए हैं। वे कहते हैं, पटना के लोग तारीफ तो करते हैं, मगर यहां पैसे बहुत मुश्किल से मिलते हैं, इसलिए हमने मुंबई जाने का फैसला लिया। मुंबई जाने में राजवीनगर में रहने वाले मुन्ना सिंह भइया ने बहुत मदद की। उनसे हमारी पहचान भी गाने के कारण ही हुई। उन्होंने मुंबई में रहने का इंतजाम कराया। हम राजनीतिक दफ्तरों और फिल्मी कलाकारों से मिलने लगे। करीब तीन माह के संघर्ष के बाद काम मिलना शुरू हुआ। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में रिकी-नीतीश की जोड़ी ने बांद्रा से उम्मीदवार प्रिया दत्त के लिए स्पेशल चुनावी गीत बनाए। इसके बोल थे- 'राहुल को पीएम बनाएंगे। प्रिया और संजय दत्त के साथ चुनाव प्रचार में दोनों साथ ये गीत गाते।

सलमान को देंगे विशेष तोहफा

रिकी-नीतीश जून में वापस मुंबई लौट जाएंगे। उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के लिए स्पेशल तोहफा तैयार किया है। ये तोहफा चार्ट पेपर पर बनाई पेंटिंग है, जिसमें जेल पेन से डिजाइनर शैली में सलमान खान लिखा है। रिकी बताते हैं कि इस पेंटिंग को बनाने में 45 दिन का समय लगा है। इसके लिए 30 जेल पेन इस्तेमाल की गई है। सलमान खान की टीम ने उन्हें बुलाया भी है।

फिल्मों में संगीत देना मकसद

रिकी-नीतीश कहते हैं, अभी वे समर कैम्प में बच्चों को म्यूजिक की ट्रेनिंग देने आए हैं। वे कहते हैं कि हमारा लक्ष्य फिल्म संगीतकार बनना है। इसके लिए हम दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। छह-सात गीतों पर काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद यूट्यूब पर वीडियो एलबम लांच करने की भी तैयारी है। दोनों को भरोसा है अपनी दोस्ती पर जिसके तार संगीत ने जोड़े हैं।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.