विदेशी रायफल के साथ दबोचे गए शातिर, श्रद्धालुओं से कर रहे थे वसूली
पटना में मंगलवार को रंगदारी मांग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से विदेशी हथियार बरामद हुए हैं।
पटना, जेएनएन। पटना की एएसपी लिपि सिंह ने मंगलवार की सुबह विदेशी रायफल के साथ रंगदारी वसूलते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से गुलजारबाग के समीप रंगदारी वसूल रहे थे। दोनों शराब के नशे में थे।
एएसपी लिपि सिंह ने बताया कि आरोपितों के पास से दो रायफल और 50 गोलियां मिली हैं। ये माघी पूर्णिमा पर बाहर से स्नान करने आए लोगों से जबरल वसूली कर रहे थे। एएसपी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि दो व्यक्ति शराब के नशे में रायफल लिए घूम रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दबोचे गए आरोपितों में एक का नाम देवानंद यादव है, जो 2013 में सीआरपीए की 11वीं बटालियन से भगोड़ा है। दूसरे युवक का नाम विजय सिंह यादव है। पुलिस ने बताया कि दोनों उनके पासमौजूद हथियार का लाइसेंस नहीं दिखा सके। जिसके कारण रायफल और गोलियां जब्त कर ली गईं। बताया जाता है कि आरोपित शराब के नशे में थे। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।