बेगूसराय में लापता दो चचेरे भाइयों के 24 घंटे बाद मिले शव, स्वजनों ने कहा- हत्या कर नदी में फेंका
Begusarai News बेगूसराय जिले बखरी थाना अंतर्गत परिहारा ओपी क्षेत्र के चमराही गांव से एक साथ गायब दोनों बच्चों के शव मिले हैं। करीब 24 घंटे के बाद गंडक नदी के चमराही घाट से थोड़ी - थोड़ी दूरी पर दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
बखरी (बेगूसराय), संवाद सहयोगी। Begusarai News: बेगूसराय जिले बखरी थाना अंतर्गत परिहारा ओपी क्षेत्र के चमराही गांव से एक साथ गायब दोनों बच्चों के शव मिले हैं। करीब 24 घंटे के बाद गंडक नदी के चमराही घाट से थोड़ी - थोड़ी दूरी पर दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्वजन दोनों बच्चों की हत्या कर नदी में शव फेंके जाने की जाने की आशंका जता रहे हैं। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे। वे शनिवार की सुबह करीब 10 बजे से ही लापता थे। इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार की सुबह से ही बखरी - खगड़िया मुख्य पथ को जाम कर दिया था। मरने वाले बच्चों में गांव के सूर्यनारायण महतो का सात वर्षीय पुत्र हिमांशु उर्फ गोलू तथा रामज्ञान महतो का पुत्र 11 वर्षीय हर्ष कुमार शामिल है।
शनिवार की सुबह से ही ढूंढकर थके स्वजन
शनिवार की सुबह करीब नौ बजे गांव में ही दोनों बच्चे एक साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते ही दोनों अचानक गायब हो गए। बच्चों के घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने शनिवार को 10 बजे से ही उसकी तलाश शुरू की। लेकिन सुबह से शाम हो गई। लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। स्वजनों ने घटना की सूचना परिहारा ओपी पुलिस को भी दी। किंतु उधर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इधर रात भर परेशान रहने के बाद नाराज ग्रामीणों ने सुबह से बखरी - खगड़िया मुख्य पथ को जाम कर विरोध जाहिर किया।
पांच साल पहले गायब बच्चे का अब तक नहीं मिला सुराग
ग्रामीण बताते हैं कि इससे पहले भी पांच साल पहले रामज्ञान और सूर्यनारायण के भाई श्यामनारायण महतो का पुत्र 12 वर्षीय रूपेश कुमार बेला चौक से अचानक गुम हो गया था। घटना के समय बालक अपने पिता के साथ सब्जी खरीदने गया था। उक्त घटना में भी बालक का आज तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस तरह एक ही परिवार के तीन तीन बच्चों के अचानक गायब होने से स्वजन समेत ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।