छह बच्चों ने गंगा में नहाने की बनाई योजना, पानी से लौटे सिर्फ चार- दो भाइयों की मौत Patna News
राजधानी में हुए एक दर्दनाक हादसे में दो नाबालिग भाइयों की मौत हो गई। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पटना, जेएनएन। मोकामा की गंगा नदी में गुरुवार को स्नान करने गए दो भाइयों की डूबकर मौत हो गई। दोनों की पहचान हथिदह थाना क्षेत्र के दरगाही टोला निवासी शंभू मंडल के पुत्र अविनाश कुमार (16) और चचेरे भाई भूषण मंडल के पुत्र बादल कुमार (13) के रूप में की गई। हादसा गुरुवार की सुबह 10.45 बजे का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब 6-7 बच्चों ने गंगा नदी में नहाने की योजना बनाई थी। जिसमें ये दोनों भाई भी शामिल थे। नदी में उतरते ही अविनाश गहरे पानी में चला गया। यह देखकर छोटा भाई बादल उसे बचाने के लिए नदी में छलाग लगा देता है। देखते-ही-देखते दोनों डूबने लगते हैं। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद अन्य बच्चे शोर मचाने लगे। मौके पर मछुआरों को बुलाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन को भी इसकी सूचना दी। हथिदह थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार, सीओ रामप्रवेश राम भी दलबल के साथ घाट पर पहुंचे।
काफी मशक्कत करने पर करीब 2 घटे बाद दोनों भाइयों को नदी से बरामद किया गया। आनन-फानन में दोनों को मराची गाव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया जहा डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से दोनों के घरों में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रशासन के लोगों ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द ही सरकारी की ओर दी जानेवाली मुआवजे की राशि प्रदान कर दी जाएगी।