बहन की शादी के लिए सुहाग का सामान खरीद लौट रहे दो भाइयों को ट्रक ने रौंदा
अरवल में हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों चचेरी बहन की शादी के लिए सुहाग का सामान लेने जा रहे थे।
जहानाबाद, जेएनएन। अरवल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक ट्रक ने बाइक से जा रहे दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। ठोकर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार दूर तक घिसटते चले गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद काफी देर तक रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
मिली जानकारी के मुताबिक गुलशन कुमार और नीरज कुमार सकरी गांव के रहने वाले थे। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे। इसी माह उनकी चचेरी बहन की शादी तय थी। इसके लिए दोनों बाइक से बुधवार को खरीदारी करने अरवल की ओर निकले थे।
लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक नगर थाना क्षेत्र के NH-139 पर सकरी गांव के समीप पहुंची पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी दी। ठोकर से दोनों काफी दूर तक घिसटते चले गए। इससे उनके शरीर से काफी खून बह गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।