वैशाली में मॉर्निंग वॉक को निकले रेलकर्मी को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद सड़क जामकर हंगामा
सोनपुर के नयागांव थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 डुमरी बुजुर्ग के समीप सुबह मार्निंग वॉक को निकले अधेड़ को ट्रक ने रौंद दिया। 45 वर्षीय रेलकर्मी की वाहन दुर्घटना से मौत हो गई। मृतक स्थानीय निवासी स्व. बंसी राम का पुत्र शिवचंद्र राम था।
वैशाली, जेएनएन। जिले में रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। सोनपुर के नयागांव थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 डुमरी बुजुर्ग के समीप सुबह मार्निंग वॉक को निकले अधेड़ को ट्रक ने रौंद दिया। 45 वर्षीय रेलकर्मी की वाहन दुर्घटना से मौत हो गई। मृतक स्थानीय निवासी स्व. बंसी राम का पुत्र शिवचंद्र राम था। शिवचंद्र बरौनी में रेलवे में ग्रुप सी के पद पर काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही नयागांव थानाध्यक्ष अरविंद कुमार एसआई सुनील कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मुखिया श्याम सुंदर की पहल पर मृतक की पत्नी अहिल्या देवी की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया। तब जाकर यातायात सामान्य हुआ। बताया जाता है कि वे दशहरे में छुट्टी लेकर घर आए थे। दुर्घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लगी रही वाहनों की कतार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-19 डुमरी बुजुर्ग को जाम कर दिया। जिससे काफी देर तक वाहनों की कतार लगी रही। इस दौरान नवरात्र को लेकर आमी स्थित अंबिका भवानी मंदिर, डुमरी बुजुर्ग मां कालरात्रि मंदिर दर्शन पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वे मार्ग बदलकर जाने को मजबूर हुए।
मौत की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने जाम की रोड
बताया जाता है कि घटना रविवार की सुबह लगभग पांच बजे की है। शिवचंद्र राम सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सोनपुर के डुमरी बुजुर्ग में सड़क दुर्घटना में रेलकर्मी की मौत के बाद ग्रामीणों ने रोड को जाम कर दिया। दो घंटे तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने सड़क हादसे के बाद प्राथमिकी दर्ज की है। उधर घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मचा है। हादसे के बाद मृतक के गांव का माहौल गमगीन हो गया है। मृतक को दो पुत्र एवं तीन पुत्री हैं। दो पुत्री की शादी हो चुकी है। सड़क दुर्घटना को लेकर लगभग डेढ़ घंटे तक एनएच जाम रहा।