पटना में ट्रक चालक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने बिहटा-खगौल मार्ग किया जाम Patna News
खगौल मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह ट्रक चालक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में घायल की मौके पर ही मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। खगौल मुख्य मार्ग पर गुरुवार की अल सुबह ट्रक चालक ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बिहटा खगौल रोड में महमदपुर प्राथमिक स्कूल के नजदीक हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान बेला निवासी विनोद राय के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आगजनी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने बिहटा खगौल मार्ग को जाम कर दिया। हादसे से नाराज लोग काफी देर तक हंगामा करते रहे। बाद में पुलिस ने पहुंचकर हंगामा खत्म कराया।
बताया जाता है कि हादसा गुरुवार की अल सुबह हुआ। बिहटा खगौल रोड में महमदपुर प्राथमिक स्कूल के नजदीक एक ट्रक चालक अनियंत्रित गति से गाड़ी लेकर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से बेला निवासी विनोद राय गुजर रहे थे। ट्रक चालक विनोद को रौंदते हुए निकल गया।
ट्रक के पहियों के नीचे आने से विनोद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए। ट्रक चालकों की मनमानी से रोजाना हो रही मौत से नाराज लोग सड़क पर आ गए। इस दौरान बिहटा-खगौल मार्ग को जाम कर दिया गया। काफी देर तक शव रखकर हंगामा किया जाता रहा। सूचना मिलने पर बिहटा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। बवाल कर रहे लोगों को समझा कर मामला शांत कराया गया।