पाकिस्तान को नीचा दिखाने में बॉलीवुड से आगे पहुंची भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री
पिछले एक साल से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी देशभक्ति का ट्रेंड उभरकर सामने आया है। यहां पाकिस्तान के खिलाफ बॉलीवुड से अधिक फिल्में बन रही है। दर्शक इसे पसंद भी कर रहे हैं।
पटना [जेएनएन]। देश के बंटवारे के साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच दुश्मनी का जो दौरा शुरू हुआ है, वह आज भी जारी है। आये दिन दोनों देशों के बीच तनाव की बात सामने आते रहती है। हर हिन्दुस्तानी के दिल में यह तमन्ना रहती है कि हमेशा पाकिस्तान को नीचा दिखाया जाये।
हिन्दुस्तानियों की इसी मनोदशा को पर्दे पर दिखाने में बॉलीवुड हमेशा कोशिश करता रहा है। चाहे वह भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध पर बार्डर फिल्म बनी हो, या कारगिल युद्ध को लेकर एलओसी। बीते एक साल से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी देशभक्ति का यह ट्रेंड उभरकर सामने आया है।
यहां पाकिस्तान के खिलाफ बॉलीवुड से अधिक फिल्में बन रही है। एक साल के दौरान आठ फिल्में रिलीज हुई। जो भी भोजपुरी फिल्में पाकिस्तान के खिलाफ बनी है वो हिट रही और उसने रिकॉर्ड कमाई भी की है। शुक्रवार को भोजपुरी फिल्म 'इंडिया v/s पाकिस्तान' रिलीज होने वाली है।
कुछ दिन पहले ही दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ की फिल्म 'बॉर्डर पाकिस्तान' रिलीज हुई थी। फिल्म ने अच्छा बिजनेस किया था। एक साल के अंदर 'पटना से पाकिस्तान','इलाहाबाद से इस्लामाबाद','पाकिस्तान में जय श्री राम' 'ले आईब दुल्हनिया पाकिस्तान से' और दुल्हन चाही पाकिस्तान से', समेत आठ से अधिक फिल्में रिलीज हो चुकी हैं।
भोजपुरी फिल्मों में देशभक्ति को लेकर पहले फिल्म नहीं बनती थी। अधिकतर मसाला फिल्म ही बनती थी।
पहले डायरेक्टर संतोष मिश्रा ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने फिल्म 'पटना से पाकिस्तान' बनाई जो हिट हुई थी। फिर फिल्म आई 'ले आइब दुल्हनिया पाकिस्तान से'। पवन सिंह की फिल्म 'गद्दर 2' और 'सत्या' ने भी अच्छी खासी कमाई की थी।
भोजपुरी फिल्मों की लागत कम होती है और ये कई गुना ज्यादा प्रॉफिट कमा लेती हैं। इस तरह की फिल्म बनाने के लिए कोई फेमस एक्टर या एक्ट्रेस का होना जरूरी नहीं होता है। सिर्फ देशभक्ति के नाम पर फिल्में चल जाती है। नए एक्टर और एक्ट्रेस को पैसे भी कम देना पड़ते हैं। यही कारण है कि कई सिंगर भी पाकिस्तान के खिलाफ गाना गाकर लाखों रुपए कमा लेते हैं। हर साल सैकड़ों एलबम भी मार्केट में पाकिस्तान के खिलाफ आते हैं।