नाग को राखी बंधवा रहा था भाई, इसी बीच नागिन ने दिखा दिया अपना रूप, बिहार के छपरा की घटना
बिहार के सारण जिले में राखी के दिन ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जो एक बहन को जिंदगी भर सालता रहेगा। भाई को राखी बांधने के बाद उसके कहने पर वह सांपों को राखी बांध रही थी। इसी दौरान एक सांप ने भाई को डस लिया।
दाउदपुर (सारण), संवाद सूत्र। जिससे वह लोगों की जान बचा रहा था, उसी ने उसकी जान ले ली। मामला सारण जिले का है। यहां कई वर्षों से सांप को दोस्त की तरह पालने एवं सांप के काटने पर कई लोगों को मौत के मुंह से निकालने वाले शीतलपुर गांव के युवक की रविवार को सांंप के काटने से मौत हो गई। इस घटना से कोहराम मच गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें साफ दिख रहा है कि नागिन ने कैसे युवक के पांव में डंस लिया। मृतक शीतलपुर गांव निवासी दिगंंबर साह का 24 वर्षीय पुत्र मनमोहन उर्फ भुअर था।
इधर नाग देवता से ले रही थी आशीर्वाद उधर नागिन ने छीन लिया भाई
मनमोहन उर्फ भुअर पेशे से किसान था। तीन भाइयों में वह मंझला था। उसे सांप को पालने का बड़ा शौक था। जहां भी सांप निकलता, वह उसे पकड़कर ले आता था। अपने साथ उसने नाग-नागिन का जोड़ा रखा था। राखी के दिन रविवार को जब बहन सुलोचना ने उसे राखी बांधी तो भुअर ने कहा कि वह नाग देवता को भी राखी बांधे। इस दौरान भुअर उन दोनों सांपों को पकड़े हुए था। सुलोचना ने नाग को राखी बांधी, इसी दौरान नागिन ने उसके पांव में डंस लिया। सांप काटने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तब स्वजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस घटना के बाद कोहराम मच गया। मां मंजू कुंवर समेत भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
मरने से पहले भी सांप को दे गया जिंदगी
लोगों ने बताया कि सांप के डंसने के बाद जब भुअर की हालत बिगड़ने लगी तो उसने सबसे पहले दोनों सांपों को छोड़ दिया। लोगों को उन्हें मारने से मना कर दिया। भुअर की तीन छोटी बहनें है। मृतक के पिता दिगम्बर साह का निधन दो साल पहले बीमारी के कारण हो गया चुका है। उसके बाद घर की जिम्मेवारी भुअर पर ही थी। बहन सुलोचना कह रही थी कि नाग देवता को राखी बांध कर आशीर्वाद लिया तो नागिन ने भाई को डंस कर उससे छीन लिया।यह कैसा क्रूर मजाक किया भगवान ने। उसका विलाप लोगों को विह्वल कर रहा था।