रोड छोड़कर मेंस सैलून में घुस गया ट्रैक्टर, पटना में नशेड़ी ड्राइवर की करतूत से 10 लोग अस्पताल पहुंचे
पटना के नजदीक खुसरुपुर के बैकठपुर में रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यह एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर रोड छोड़कर एक मेंस सैलून में घुस गया। इस हादसे में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष नीलेश रंजन के पिता बिनोद सिंह सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
खुसरुपुर (पटना), संवाद सूत्र। पटना के नजदीक खुसरुपुर के बैकठपुर में रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यह एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर रोड छोड़कर एक मेंस सैलून में घुस गया। इस हादसे में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष नीलेश रंजन के पिता बिनोद सिंह सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए। घायलों में सबसे अधिक चोट संजय सिंह नाम के एक शख्स को लगी, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना ले जाया गया। इस हादसे को देखकर लोग सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का चालक पूरी तरह नशे में धुत था।
हादसे में ये सभी लोग हुए हैं घायल
इस हादसे में नशे में धुत खिरोधरपुर निवासी ट्रैक्टर चालक पवन यादव भी जख्मी हो गया, जिसे पुलिस ने अपने हिरासत में ले लिया है। घायलों में दुअन्नी टोला के अतुल कुमार, सुमित कुमार, प्रिंस कुमार, राकेश कुमार, सैलून संचालक साजन ठाकुर, रोहन टोला के पिंटु पासवान, प्रिंस कुमार, आर्यन कुमार, एक महिला, एक बच्चा शामिल हैं। सभी का स्थानीय निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद लोगों में जबर्दस्त गुस्सा
घटना में बैकठपुर के दिव्यांग नीरज पांडे भी घायल हो गए हैं एवं उनकी ट्राइसाइकिल चकनाचूर हो गई। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना के बाद लोग आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में ब्रेकर बनाने तथा कम उम्र बच्चों द्वारा ट्रैक्टर एवं ऑटो चालन पर रोक लगाने की मांग की है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
देसी शराब के साथ टेंपो चालक गिरफ्तार
पटना जिले के पिपरा थाना अंतर्गत नेमा गांव के मुसहरी के समीप से शनिवार की एक टेंपो चालक को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चालक राजू मालाकार गौरीचक के सिगोही गांव का रहने वाला है। बिहटा सरमेरा पथ के नेमा मुसहरी के समीप शनिवार की सुबह एक टेंपो डुमरी की ओर जा रहा था। पुलिस की गश्ती को देखकर चालक टेंपो छोड़ कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए चालक को पकड़ा।