बिहार: पेड़ काटने को ले विवाद में बना हैवान, बेटे के साथ मिलकर भाई की पीट-पीटकर ले ली जान
बिहार के औरंगाबाद जिले में रविवार को पेड़ काटने को लेकर उपजे विवाद में बेटे के साथ मिलकर एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी।
औरंगाबाद, जेएनएन। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बुधन बिगहा गांव में बेटे के साथ मिलकर एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। यही नहीं पिता को बचाने पहुंचे दोनों पुत्रों को भी घायल कर दिया। बताया गया कि दोनों भाइयों के बीच पेड़ काटने को लेकर विवाद हुआ था।
दो पुत्रों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
बुधन बिगहा गांव निवासी शंकर मेहता व छोटे भाई यमुना मेहता के बीच पेड़ काटने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि शंकर मेहता ने अपने दो पुत्रों आंनद व अभय के साथ मिलकर छोटे भाई 55 वर्षीय यमुना मेहता पर कुल्हाड़ी व लाठी से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान यमुना मेहता को बचाने पहुंचे उसके दोनों पुत्र परमानंद व मनमोहन को भी पीटकर घायल कर दिया। पिटाई से घायल होकर गिरे यमुना मेहता तड़पते रहे, पर गांव का कोई भी व्यक्ति उसे बचाने नहीं पहुंचा।
तड़पते-तड़पते तोड़ा दम
कुछ ही देर में यमुना ने तड़पकर दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पिटाई से घायल परामानंद व मनमोहन को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, नवीनगर भेजा गया। घायल परामानंद ने बताया कि पेड़ में हिस्सेदारी को लेकर बड़े चाचा से विवाद चल रहा। इसी विवाद में मेरे पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित पिता-पुत्र की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। हत्या के बाद मृतक की पत्नी व स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।