प्रेमिका को पाने के लिए युवक ने किया ऐसा कि पुलिस भी रह गई दंग, सारण की ये कहानी पूरी फिल्मी है
शादी तय हाेने के बाद प्रेमिका ने प्रेमी से बोलचाल बंद कर दिया तो युवक बौखला गया। इसके बाद उसने ऐसा कदम उठा लिया मानों कोई थ्रिलर फिल्मी कहानी हो। उसने अपनी ही हत्या की झूठी कहानी रच डाली
छपरा, जागरण संवादाता। शादी तय हाेने के बाद प्रेमिका ने प्रेमी से बोलचाल बंद कर दिया तो युवक बौखला गया। इसके बाद उसने ऐसा कदम उठा लिया मानों कोई थ्रिलर फिल्मी कहानी हो। उसने अपनी ही हत्या की झूठी कहानी रच डाली। इसमें उसके दोस्त ने भी उसका सहयोग किया। मकसद था प्रेमिका के स्वजनों को फंसाना। लेकिन चाल उल्टी पड़ गई। पुलिस ने बरामद किया तो सारे राज खुलते चले गए। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
गांव की युवती से चल रहा था प्रेम संबंध
मशरक थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी मुन्ना कमार गांव की एक युवती से प्रेम करता था। यह बात लड़की के स्वजनों को भी पता चली थी। इसके बाद दोनों परिवारों में विवाद भी हुआ था। लेकिन दोनों का प्रेम संबंध चलता रहा। इस बीच लड़की की शादी तय हो गई तब उसने मुन्ना से बातचीत बंद कर दीइससे मुन्ना बौखला गया। इसके बाद अपने दोस्त मन्नू कुमार के साथ मिलकर एक साजिश रची। प्रेमिका के स्वजनों को हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की ये साजिश थी।
पांच हजार रुपये में खरीदा दो बोतल खून
सूनियोजित प्लान के तहत छपरा के किसी नर्सिंग होम से मुन्ना ने पांच हजार रुपये में दो बोतल खून खरीदा। उसी रात में मुन्ना और मन्नू दोनों पड़ोसी टुनटुन साह के छत के रास्ते अंदर उतरे। इसके बाद वह लड़की के घर में घुस गए। छत की सीढ़ी पर खून गिराया। इसके बाद लड़की के कपड़े उठाए और फिर टुनटुन साह के घर में गए। वहां चौकी पर खून गिराया। वहीं पर लड़की के कपड़ों को छोड़ दिया। इसके बाद एक खंंती में भी खून लगाकर वहीं पर छोड़ दिया। फिर वहां से सड़क तक खून गिराते हुए ऐसा दृश्य तैयार किया मानों हत्या की घटना प्रतीत हो। घटना के बाद सनसनी फैल गई।
दरियापुर बाजार से मिला मुन्ना
युवक की हत्या का आरोप स्वजनों ने लगा दिया। पुलिस भी मामले की पड़ताल में जुटी रही। दो दिनों तक पुलिस जांच-पड़ताल करती रही। इसी क्रम में दरियापुर थाना क्षेत्र से मुन्ना कुमार सही सलामत बरामद हो गया। पुलिस ने उसे देखकर जब पूछताछ की तो उसने सारी कहानी बता दी। बता दें कि इस मामले में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पूछे जाने पर मढ़ौरा के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि गुरुवार को युवक का 164 का बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।