तीन डिग्री लुढ़का पारा आज और बढ़ेगी ठंड
राजधानी सहित पूरे प्रदेश में फिर से ठंड लौटने की संभावना बढ़ गई है।
पटना । राजधानी सहित पूरे प्रदेश में फिर से ठंड लौटने की संभावना बढ़ गई है। कश्मीर में बर्फबारी का असर बिहार की ओर आने से हवा में दिखने लगा है। हवा में नमी बढ़ने का असर दिखा। मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 13.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि अधिकतम तापमान 29 से घटकर 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को राजधानी और आसपास के इलाके में औसत दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना है। सुबह में धुंध छाई रहेगी। 18 दिसंबर तक पटना का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मंगलवार को पूरे प्रदेश में पछुआ हवा के कारण मौसम में बदलाव आया है। गया का न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री गिरावट के साथ 12.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री और अधिकतम 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री और अधिकतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को पटना सहित पूरे बिहार में तापमान में कमी आने की संभावना है।
-------------