बाढ़ में हथियार के साथ तीन गिरफ्तार
अनुमंडल क्षेत्र की समयागढ़ पुलिस ने बुधवार की रात टाल क्षेत्र अंतर्गत मालपुर एवं प्रहलादपुर गांव में छापेमारी की।
बाढ़। अनुमंडल क्षेत्र की समयागढ़ पुलिस ने बुधवार की रात टाल क्षेत्र अंतर्गत मालपुर एवं प्रहलादपुर गांव में सघन छापेमारी की। इस दौरान भारी तीन हथियार व कारतूसों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्रवार को एएसपी अम्बरीष राहुल ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुये बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में अरुण यादव, राजेश पासवान एवं सुजीत कुमार शामिल है। इनके पास से एक राइफल, दो कट्टा, तेरह कारतूस, चार मिस फायर गोली एवं ग्यारह खोखा जब्त हुआ है। गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इनके पास हथियार कहां से पहुंचे, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
एएसपी ने कहा कि चुनाव में दहशत फैलाना भी इनका उद्देश्य हो सकता है। फिलहाल हर बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर पूरे अनुमंडल में अभियान चलाया जा रहा है।