सामूहिक दुष्कर्म के बाद दी वीडियो वायरल करने की धमकी, बक्सर की पीड़िता ने कराई प्राथमिकी
बक्सर में कोचिंग जा रही एक किशोरी के साथ दो युवकों ने रास्ते में पकड़ कर दुष्कर्म किया। इसका वीडियो भी बना लिया। लेकिन पीड़िता ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। लेकिन दुष्कर्मियों के दुस्साहस के बाद उसने पुलिस की शरण ली।
बक्सर, जागरण संवाददाता। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना एक महीना पहले की है। अब इस मामले में प्राथमिकी महिला थाने में दर्ज कराई गई है। पीड़िता के अनुसार वह ट्यूश्न पढ़ने जा रही थी, तभी दो युवकों ने सेल्फी लेने के नाम पर उसे रोक लिया। इसके बाद एकांत में ले जाकर घटना को अंजाम दिया। घटना सामने नहीं आती, लेकिन हैवानों के दुस्साहस के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ट्यूशन पढ़ने जा रही थी किशोरी, रास्ते में घेरा युवकों ने
घटना की जानकारी देते महिला थानाध्यक्ष नीतू प्रिया ने बताया कि औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी के अनुसार घटना 19 जुलाई की है। वह ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। रास्ते में दरहरपुर निवासी दो युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। कहा कि सेल्फी लेनी है। इससे इंकार करने पर उनलोगों ने कहा कि ऐसा नहीं करोगी तो तुम्हारे भाई की हत्या कर देंगे। उनकी धमकी से वह काफी डर गई। इसके बाद वे युवक उसके साथ सेल्फी लेने लगे। फिर दोनों युवक उसे जबरन पास की झाड़ी में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसका वीडियो भी बना लिया। लेकिन वह इतनी डरी-सहमी थी कि घर लौटने पर किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। वह अंदर ही अंदर घुटती रही।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
तीन दिन पूर्व उनलोगों ने फोन कर उसे बुलाया। कहा कि नहीं आने पर वह उसका वीडियो वायरल कर देंगे। इसके बाद परेशान होकर उसने घर के लोगों को इसकी जानकारी दी। तब वे लोग पुलिस की शरण में पहुंचे। इसके बाद दोनों युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मेडिकल जांच तथा कोर्ट में 164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज करा लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।