पटना के ईको पार्क में गूंजेगी ब्रास बैंड की धुन, रेस लगाएंगी 'रानी' और 'रजनी', आप भी कर सकते दीदार
Bihar Police Week पुलिस सप्ताह के तहत पटना में होने हैं ढेरों कार्यक्रम 22 फरवरी को वेटनरी कॉलेज के मैदान में पुलिस के घोड़े दिखाएंगे करतब 25 को रन फॉर हेल्थ रन के लिए जारी होगा ऑनलाइन वेब लिंक
पटना, जागरण संवाददाता। बिहार पुलिस 22 फरवरी से पुलिस सप्ताह मनाएगी। इस बार के पुलिस सप्ताह में आमलोगों को भी शामिल होने का मौका मिलेगा। 22 को वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में पुलिस का अश्वारोही दस्ता अपनी सबसे बेहतर घोड़ी रजनी और रानी को मैदान में उतारेगा। रजनी के साथ उसे कवर करने वाली रानी सहित आठ अन्य घोड़े भी शामिल होंगे। इन पर सवार पुलिसकर्मी कई तरह के करतब दिखाएंगे। वहीं, 26 फरवरी को ईको पार्क में बैंड शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भी पुलिस के पाइप और ब्रास बैंड धुन बजाएंगे। इसके अलावा 25 को 'रन फॉर हेल्थ' सहित अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
रजनी ने छह सेकेंड में पूरी की सौ मीटर की दूरी
माउंटेड मिलिट्री पुलिस के पास 16 घोड़े हैं। इनमें रजनी और रानी की रफ्तार सबसे अधिक है। रजनी अंतरराष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता में भी शामिल हो चुकी है। देशभर के राज्यों के बीच हुई अश्वारोही प्रतियोगिता में बिहार को गोल्ड मेडल का खिताब भी रजनी दिला चुकी है। 22 फरवरी को आयोजित होने वाले घुड़सवारी कार्यक्रम में भी वह शामिल होगी। वह 21 फरवरी को आरा से पटना पहुंचेगी। अभी रजनी की रफ्तार 75 किमी प्रति घंटे पार हो रही है। पूर्व में हुई एक प्रतियोगिता में उसने 100 मीटर की दूरी महज छह सेकेंड में पूरी कर ली थी। रजनी की उम्र 12 साल है और ऑल इंडिया रेस में नेशनल गोल्ड भी पा चुकी है। वहीं रानी कई बार रजनी को कवर कर चुकी है। कुछ मीटर की दूरी से ही पीछे रहती है।
पांच साल का रुस्तम और सितारा लगाएंगे जंप
इसके अलावा घुड़सवारी प्रतियोगिता में कोमल, शमशेर, सूची, शिवराज, रागिनी, नीलम, रुस्तम और सितारा भी शामिल होंगे। कोमल घोड़ी पांच फीट तक ऊंची कूद लगा चुकी है। जबकि पांच साल का रुस्तम जंप में गोल्ड मेडल पा चुका है। कोच योगेंद्र बताते हैं कि एक दिन पूर्व रिहर्सल की जाएगी। कार्यक्रम में कई रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, स्टैंड सैल्यूट सहित अन्य करतब दिखाए जाएंगे।
शो में शामिल होंगे बीएमपी-1 और 5 के बैंड
ईको पार्क में आयोजित बैंड शो में बीएमपी-1 से पाइप बैंड और बीएमपी-5 से ब्रास बैंड बजेगा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी और उनके परिवार के साथ आमलोग मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम करीब एक घंटे का होगा।
रन फॉर हेल्थ में होगा नकद पुरस्कार
25 फरवरी को आयोजित 'रन फॉर हेल्थ' के लिए पुलिस प्रशासन एक वेबसाइट लिंक जारी करने वाला है। लिंक के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। दस किलोमीटर की दौड़ में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान लाने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले को 10 हजार, सात हजार और पांच हजार नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
कब और कितने बजे होंगे आउटडोर कार्यक्रम
22 फरवरी : शाम चार से पांच बजे घुड़सवारी
25 फरवरी : सुबह के सात बजे रन फॉर हेल्थ
26 फरवरी : शाम 3:30 से 4:30 बजे बैंड शो