जलजमाव के बीच चोरी बनी बड़ी परेशानी, एक रात में दो बार घर में घुसकर चार लाख किए पार Patna News
राजधानी में हुई भारी बारिश के बाद जलजमाव बड़ी परेशानी बन गया है। एेसी स्थिति में चोरों की मौज हो गई है। शहर के कई स्थानों पर चोरी के मामले सामने आ रहे हैं।
पटना, जेएनएन। जलजमाव के बीच फंसे लोगों के लिए पटना में चोरी बड़ी परेशानी बन रही है। पानी से घिरे राजेंद्रनगर के बाद अब पाटलिपुत्र कॉलोनी में भी चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। गुरुवार की देर रात पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने रिटायर्ड प्रोफेसर के घर से चार लाख की चोरी हो गई।
चोरों ने सभी कमरों के ताले तोड़ डाले। छह आलमारी को खंगाल डाला और करीब तीन लाख की ज्वेलरी व एक लाख नकद समेट ले गए। पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पांच दिनों से बहन के घर में रहा था परिवार
डॉ. जावेद एहसान एएन कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। बेटा बेंगलुरु में रहता है, जबकि बेटी की शादी अनिसाबाद में हुई है। वे अपनी पत्नी के साथ पाटलिपुत्र पोस्ट ऑफिस के सामने मकान नंबर 143 में रहते हैं। डॉ. जावेद ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पांच दिन पूर्व उनके घर में दो फीट से अधिक पानी जमा हो गया। पानी बढ़ता जा रहा था। ऐसे में वह घर के सभी कमरे और मुख्य गेट पर ताला लगाकर सड़क के सामने देवकी कुंज अपार्टमेंट के 101 फ्लैट नंबर में अपनी बहन के पास रहने चले गए। उन्हें लगा कि बारिश थमने के बाद सुबह तक पानी की निकासी हो जाएगी, इस वजह से वह अपने साथ जेवर और कैश नहीं ले गए।
रात एक और दो बजे के बाद घुसे चोर
डॉ. जावेद ने बताया कि जिस फ्लैट में वह रह रहे थे, वहां से घर का मुख्य गेट दिखता है। ऐसे में वह हर रोज सुबह, दोपहर, शाम और रात में अपने घर के गेट और खिड़की को जरूर देखते थे। गुरुवार की रात करीब 12 बजे भी उन्होंने सोने के पहले फ्लैट से अपने मकान को देखा था। तब गेट पर ताला लटक रहा था। फिर वह सोने चले गए।
सुबह करीब छह बजे जब उनकी नींद खुली और फ्लैट से अपने घर की तरफ देखा तो मुख्य गेट खुला था। वह भागकर अपने घर पहुंचे। घर के सभी कमरों का ताला टूटा हुआ था और कपड़े से लेकर सामान तक बिखरे थे। चोर सिर्फ ज्वेलरी और कैश ले गए। थानाध्यक्ष कमलेश्वर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन की है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जलजमाव के कारण बंद घरों पर पुलिस नजर रख रही है।