वैशाली में बहन के घर आया युवक रात में निकल पड़ा, चोरी के आरोप में चढ़ा भीड़ के हत्थे, पिटाई से मौत
वैशाली जिले के जंदाहा में सोमवार रात चोरी का आरोप लगा एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह अपनी बहन के घर गया था। आरोप है कि वहीं से वह गांव के एक व्यक्ति के घर में चोरी करने लगा।
जंदाहा (वैशाली), संवाद सूत्र। जंदाहा प्रखंड के तिसीऔता थाना क्षेत्र के बिझरौली गांव में अपनी बहन के घर आए एक युवक को गांव के लोगों ने चोरी के आरोप में पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर स्थिति में इलाज के लिए ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जंदाहा थाना के रसलपुर निवासी मो जहांगीर उर्फ भोला (35) के रूप में की गई है। इस मामले में पांच नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
घर में घुस कर रहा था चोरी
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रसलपुर निवासी जहांगीर अपनी बहन के ससुराल बिझरौली आया हुआ था। बताया जाता है कि बीती रात उसने बिजरौली निवासी मो जलील के घर में चोरी का प्रयास किया। घर में उस समय जलील की पत्नी एवं पुत्री थी। खटपट की आवाज सुनकर उनलोगों ने जाकर देखा तो सन्न रह गईं। चोरी करते जहांगीर को देख मां-बेटी ने शोर मचाया। इसपर जहांगीर उनके साथ मारपीट करने लगा। इस बीच मां-बेटी शोर मचाती रहीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। उनलोगों ने जहांगीर की जमकर धुनाई कर दी। पिटाई से जहांगीर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
बाइक से कोई छोड़ गया घर
सुबह में कोई बाइक से उसे उसके घर छोड़ गया। जहांगीर की हालत देखकर परिवार के लेाग सन्न रह गए। उसे इलाज के लिए जंदाहा के सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देखकर वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से हाजीपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही जहांगीर ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना पर तीसियौता एवं जंदाहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। इस मामले में मृतक के स्वजन ने पांच नामजद एवं कई अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना से तनाव के हालात हैं। स्वजन का कहना है कि उनलोगों ने जानबूझकर हत्या कर दी।