प्रेमिका को पटना के युवक ने कुछ ऐसे कर दिया मजबूर, जांच के बाद पुलिस अधिकारी भी हुए हैरान
सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में हुई एक घटना के अनुसंधान में कहानी पूरी तरह पलट गई। इसमें महिला के प्रेमी की संलिप्तता उजागर हुई तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपित युवक पटना जिले का रहने वाला है।
दिघवारा (सारण), संवाद सूत्र। दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में गत दिनों एक विवाहिता के पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतका के पिता ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन अनुसंधान के क्रम में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा निकला। प्रेमी ने ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया था। इसका पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के प्रेमी पटना जिले के प्रवीण उर्फ पवन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया था। गिरफ्तार युवक रिश्ते में मृतका के बहनोई का ममेरा भाई है।
19 अगस्त को महिला ने की थी आत्महत्या
बता दें कि 19 अगस्त को ने आत्महत्या कर ली थी। फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी थी। इस मामले में मृतका के पिता पटना जिला के शाहपुर निवासी ने पुत्री की दहेज के लिए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि दहेज में और पैसे मांगने का दबाव ससुरालवाले दे रहे थे। नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में अपने दामाद ब्रजेश साह, सास धर्मशीला देवी, ससुर गोपाल साह, ननद गुड़िया देवी आदि को आरोपित किया था। इस मामले में अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें- पटना जाने के नाम पर दो बच्चों को लेकर निकली वैशाली की महिला, लौटकर नहीं आई तब खुली पोल
शादी से पहले से चल रहा था प्रेम संबंध
थानाध्यक्ष शोएब आलम ने बताया कि उस मामले में अनुसंधान के क्रम में कुछ और ही कहानी सामने आई। मृतका का प्रेम संबंध पटना जिले के आलमगंज थाने के माखनपुर ईदगाह रोड निवासी कैलाश प्रसाद के पुत्र प्रवीण कुमार उर्फ पवन कुमार के साथ था। शादी से पहले दोनों एक बार फरार भी हो गए थे। वह प्रेमिका का दूर का रिश्तेदार भी था। जब प्रेमिका से उसकी शादी नहीं हुई तो वह उसे आत्महत्या के लिए उकसाने लगा। आरोप है कि इसके बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। उसकी संलिप्तता उजागर होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।