पटना की महिला को पंसद आया पड़ाेसी तो कर ली शादी, तब पति ने साथ छोड़ा, प्रेमी ने किया ये हाल
बाढ़ थाना क्षेत्र में 20 वर्ष पूर्व ब्याही गई महिला पड़ोसी के प्रेम जाल में बुरी तरह फंस गई। वह प्यार में इतनी डूब गई कि युवक के कहने पर उसके साथ मंदिर में शादी भी कर ली। लेकिन इसका अंजाम क्या हुआ।
बाढ़ (पटना), संवाद सहयोगी। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्यार में पागल युवक ने शादीशुदा प्रेमिका को मार डाला। गले में फंदा कसकर उसकी जान ले ली। इस आशय का आरोप मृतका की बहन ने लगाया है। कहा है कि बुढ़नीचक निवासी नीरज ने उसकी बहन से शादी तो कर ली लेकिन अपने साथ नहीं रख रहा था। रास्ते से हटाने के लिए उसने उसकी हत्या कर साजिश के तहत शव को फंदे से लटका दिया। मौके पर पुलिस पहुंच कर पुलिस ने रस्सी से लटकी महिला की लाश को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
पति की गैरहाजिरी में आता था पड़ोसी युवक
महिला ने बताया कि उसकी बहन की शादी 20 साल पहले हुई थी। पति नासिक में काम करता था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला नीरज अक्सर उसके घर जाता-आता रहता था। पति की अनुपस्थिति और उसकी प्यार भरी बातों ने बहन को नीरज के करीब कर दिया। दोनों में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। पति नासिक में ही था इस बीच एक दिन मंंदिर में दोनों ने शादी कर ली। लेकिन बात फैल गई। यह उसके पति को पता चली तो उसने पत्नी को छोड़ दिया। अपने बच्चों को लेकर अलग हो गया। इधर विवाहिता अकेली रह रही थी। अपने नए पति नीरज कुमार पर साथ रखने का दबाव डालने लगी।
हत्या कर लटका दिया शव
नीरज ने शादी तो कर ली थी लेकिन अपने साथ रखना नहीं चाहता था। वह महिला उसके लिए गले का फांस बनती जा रही थी। मृतका की बहन ने आरोप लगाया है कि नीरज ने साजिश के तहत अकेली रह रही रूबी देवी की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया। हालांकि हकीकत क्या है यह पुलिस की जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल बाढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद मायके वालों को सौंप दिया है। इस संबंध में लिखित बयान पर केस दर्ज करने की कवायद शुरू कर दी गई है जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर देगी।