बेगूसराय में ट्रैक्टर पलटते ही मदद को ग्रामीण दौड़े, मगर घायल की हालत देख हिम्मत नहीं हुई, पति की मौत, पत्नी घायल
बेगूसराय में बलिया थाना क्षेत्र के हुसैना गांव की घटना है। दौनी कराकर ट्रैक्टर पर बोरे पर बैठकर दंपती घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर पलटने के दौरान पति विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े मगर मदद को बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई।
बलिया (बेगूसराय), जागरण संवाददाता। गेहूं की दौनी कराकर ट्रैक्टर पर लदे बोरे पर बैठ घर लौट रहे दंपती दुर्घटना में घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बलिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां पति रामानंद महतो को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि रिंकू देवी का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घटना बलिया थाना क्षेत्र की सालेहचक पंचायत के हुसैना गांव नई मस्जिद के पास गुरुवार की अलसुबह हुई। दंपती बेलसारा बहियार से नूरजमापुर पंचायत के बरबीघी गांव अपने घर लौट रहे थे।
ट्रैक्टर पलटते ही हाईटेंशन तार की चपेट में आया
बताते चलें कि गुरुवार की अलसुबह बेलसारा बहियार से खेत में लगी गेहूं की फसल दौनी कर बोरी को ट्रैक्टर पर लादकर पति और पत्नी अपने घर बरबीघी लौट रहे थे। इसी दौरान हुसैना गांव नई मस्जिद के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढा में पलट गया। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से गेहूं की बोरी पर बैठे रामानंद महतो फेंका गए। इस घटना में ट्रैक्टर चालक भी घायल हो गए।
मदद को दौड़े ग्रामीण
आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, परंतु विद्युत प्रवाहित तार एवं गड्ढे में जमे पानी और जलकुंभी के चलते किसी को सहयोग करने की हिम्मत नहीं हुई। काफी मशक्कत के बाद एक घंटे में पॉवर हाउस से लाइन काटा गया तब लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर रात्रि गश्ती पुलिस पहुंची एवं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सह राजद युवा जिलाध्यक्ष मो. फैजू रहमान ने बताया कि हादसे के बाद बिजली काटने के लिए एक घंटे तक फोन ट्राइ करते रहे, परंतु कोई रिस्पांस नहीं मिला। वहां लोगों को भेजा गया तब बिजली काटी गई। उन्होंने विभाग से मृतक के स्वजनों को मुआवजा देने की मांग की है। मृतक को दो पुत्र एवं एक पुत्री है। मो. फैजू रहमान, जदयू युवा जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, मुखिया रामविलास यादव, पूर्व मुखिया कुमारेश यादव, पूर्व मुखिया मो. राशिद, सरपंच गोङ्क्षवद पासवान, मो. नवाब, अमित कुमार आदि ने सांत्वना देते हुए पीडि़त परिवार को राहत एवं सरकारी सहायता राशि देने की मांग की।