सदर अस्पताल में भर्ती मरीज को थी हिमोग्लाेबिन की कमी, बरौनी के सीओ ने फिर उठाया यह कदम
बेगूसराय जिले के बरौनी के अंचलाधिकारी सुजीत सुमन (Barauni CO Sujit Suman) ने अपने सामाजिक सरोकार का उदाहरण दिया। सदर अस्पताल में भर्ती एक मरीज की हालत बिगड़ने की सूचना पर वे सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
बीहट (बेगूसराय), संवाद सूत्र। बरौनी के अंचलाधिकारी सुजीत सुमन (Barauni CO Sujit Suman) ने अपने सामाजिक सरोकार का उदाहरण दिया। इस क्रम में उन्होंने रक्तदान कर एक बुजुर्ग की जान बचाई। सुजीत सुमन आए दिन रक्तदान करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि वे अब तक 16 बार खून दान कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान जरूर करना चाहिए। बरौनी शोकहरा दो निवासी 65 वर्षीय रवींद्र सिंह को हिमोग्लोबिन की कमी थी। उन्हें यह रक्त चढ़ाया गया। सभी ने सीओ के इस कार्य की सराहना की।
हिमोग्लोबिन की कमी थी मरीज को
मरीज रविंद्र सिंह की बेटी शान्या शर्मा ने बताया कि उनके पिता को हीमोग्लोबिन की कमी थी। इस कारण उनके शरीर में ब्लड सेल नहीं बन रहा था। इससे वे काफी कमजोर हो गए थे। खून मिल नहीं रहा था। तब इसकी जानकारी गौतम कुमार नामक व्यक्ति ने जयमंगला वाहिनी के सदस्य रोहित सुल्तान को दी। रोहित ने इसकी सूचना बरौनी सीओ को दी। इसके बाद व्यस्त शेड्यूल के बावजूद सीओ सुजीत सुमन सदर अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने रक्तदान किया। शान्या शर्मा ने बताया कि बरौनी सीओ सुजीत सुमन ने मानवता का परिचय देते हुए उनके पिता के जीवन की रक्षा की। हम और हमारा परिवार हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
हर स्वस्थ व्यक्ति को करना चाहिए रक्तदान
इधर अंचलाधिकारी सुजीत सुमन ने रक्तदान के बाद कहा कि युवा और स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान से कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने अब तक 16 बार रक्तदान किया है। वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। रक्तदान कर उन्हें काफी सुखद अनुभूति होती है। संदेश देते हुए सीओ ने कहा कि आपके खून का एक-एक कतरा किसी की जान बचा सकता है। इसलिए जब भी मौका मिले, ऐसा जरूर करें। मौके पर जयमंगला वाहिनी परिवार के अवनीश, रोहित, मनोज, सुमित, ब्लड बैंक के प्रभारी डा. उमाशंकर, कर्मी चंद्रमौली वत्स आदि मौजूद थे।