Lok Sabha Election 2019: महाराजगंज के नए 'महाराज' पर वोटरों ने लगाई मुहर, कयास तेज
बिहार के महाराजगंज का कौन बनेगा महाराज वोटिंग खत्म होने के साथ ही इस पर कयासबाजी तेज है। भाजपा प्रत्याशी जर्नादन सिंह सिग्रीवाल व रणधीर सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।
महाराजगंज [जेएनएन]। बिहार के महाराजगंज का कौन बनेगा 'महाराज', वोटिंग खत्म होने के साथ ही इस पर कयासबाजी तेज हो गई है। महाराजगंज में भाजपा प्रत्याशी जर्नादन सिंह सिग्रीवाल व रणधीर सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों की किस्मत इवीएम में कैद हो गई है। अब 23 मई को पता चलेगा, जनता ने किसे पसंद किया।
महाराजगंज में मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन की चेतावनी के बावजूद मतदान का प्रतिशत ठीक रहा। इस संसदीय क्षेत्र में तकरीबन 51.2 प्रतिशत मत पड़े। तकरीबन 18 लाख मतदाताओं के लिए 1848 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। युवाओं का उत्साह चरम पर था। शुरुआत में कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम की खराबी ने मतदान को बाधित किया, लेकिन उसे तुरंत दुरुस्त कर लिया गया।
कहीं-कहीं इवीएम में आई खराबी
लहलादपुर के बूथ संख्या 195 एवं 236 पर ईवीएम बदलना पड़ा। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय शियरभुक्का मशरक पर पी-टू के समय पर नहीं पहुंचने के कारण मतदान में कुछ देर के लिए व्यावधान हो गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय गंगौली बूथ नंबर 105 पर ईवीएम खराब हो गया था। नवादा बूथ संख्या 191 पर इवीएम खराबी के कारण करीब आधा घंटे देर से मतदान चालू हो सका।
सुबह सात बजे के पहले ही पहुंच गए थे लोग
पानापुर के बूथ नंबर 69 एवं 70 पर सुबह सात बजे के पहले ही लोग पहुंच चुके थे। 90 वर्षीया कमलावती देवी वोट डाल कर काफी खुश थी। वहीं बूथ नंबर 81 पर वोट डाल कर निकल रहे मो सलीम ने कहा कि सभी को मतदान करना चाहिए। मटियार बूथ संख्या 278 एवं 279 पर मतदाताओं की संख्या काफी कम रही और मतदान कर्मी उनका इंतजार करते रहे। मतदाता सूची में 50 से अधिक युवाओं के नाम नहीं जोड़े जाने के कारण मिश्रवलिया में बूथ संख्या 208 और 209 पर हंगामे की स्थिति बनी। यहां मॉडल बूथ पर पेयजल के लिए हो-हल्ला हुआ।
2014 के नतीजे
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल (भाजपा): 320753
प्रभुनाथ सिंह (राजद): 282338
मनोरंजन उर्फ धूमल सिंह (जदयू): 149483
जीत-हार का अंतर: 38415
2009 के नतीजे
उमाशंकर सिंह (राजद): 211610
प्रभुनाथ सिंह (जदयू): 208813
तारकेश्वर सिंह (कांगेस): 80,612
जीत-हार का अंतर: 2797
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप