बक्सर में घर लौट रहे युवक को घेरकर दो बदमाशों ने मार दी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
राजपुर थाना क्षेत्र का डिहरी गांव बुधवार की शाम एक युवक को गोली मार दी गई। अपराधी छवि के दो युवकों ने गांव के ही एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में युवक को स्वजन वाराणसी ले गए।
बक्सर, जागरण संवाददाता। राजपुर थाना क्षेत्र का डिहरी गांव बुधवार की शाम एक युवक को गोली मार दी गई। अपराधी छवि के दो युवकों ने गांव के ही एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में युवक को पहले चौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद रेफर किए जाने पर स्वजन उसे वाराणसी ले गए। घायल युवक पवन राय है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
घर लौटते समय सीने में मार दी गोली
घायल अवस्था में पवन राय ने बताया कि शाम तकरीबन सात बजे वह गांव के बाजार से अपने घर की तरफ लौट रहे थे। उनके घर से कुछ दूरी पर ही घात लगाकर बैठे दो स्थानीय युवकों अमित राय व दीपक तिवारी ने उन पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद दोनों भाग निकले। इधर सीने में गोली लगने के बाद भी पवन राय चीखते-चिल्लाते दौड़े। एक व्यक्ति के दरवाजे पर पहुंचकर गिर पड़े। उस व्यक्ति ने स्वजनों को सूचना दी इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुराने विवाद में घटना की आशंका
घायल युवक के पिता मिथिलेश राय ने बताया कि तकरीबन दो वर्ष पूर्व इन्हीं लोगों ने उनके घर का एक ट्रैक्टर फूंक दिया था। उस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल तो था ही लेकिन उनके पुत्र के साथ फिर इस तरह की घटना को अंजाम दिया जाएगा ऐसा उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। मामले में राजपुर थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक बाजार से अपने घर लौट रहा था। उसी वक्त उसे गोली मारी गई है। घटना के कारणों का पता लगाते हुए अपराधियों को दबोचने की कोशिश की जा रही है।