बिहार में हर दिन दिख रहा रफ्तार का कहर, सारण में युवक को ट्रक ने कुचला, बाइक के उड़े परखच्चे
सारण में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि शव का बुरा हाल हो गया। बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर लचका पुल के समीप हुआ।
गड़खा (सारण), संवाद सूत्र। बिहार में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। अक्सर तेज रफ्तार इसकी वजह बन जाती है। सारण में गुरुवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि शव का बुरा हाल हो गया। बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर लचका पुल के समीप हुआ। मृतक भेल्दी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी शिवकुमार सिंह के पुत्र शैलेंद्र सिंह (35) थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुचलता चला गया तेज रफ्तार ट्रक
शैलेंद्र सिंह अपनी बाइक से छपरा से घर की तरफ जा रहे थे। इसी क्रम में पहाड़पुर लचका के समीप तेजी से जा रहा ट्रक उन्हें रौंदता चला गया। घटनास्थल पर ही शैलेंद्र की मौत हो गई। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्क्र इतनी तेज थी कि बाइक की एलाय व्हील का हर स्पोक टूट गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगोंं से किसी ने शव की पहचान की। पुलिस को जानकारी दी गई। गड़खा पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान होने पर स्वजनों को सूचित किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों के मुताबिक बाइक चालकों ने ट्रक का पीछा भी किया, लेकिन चालक तेज गति से वाहन को लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही शैलेंद्र सिंह के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
एक दिन पहले बोलेरो ने कुचल दिया था बच्ची को
गौरतलब है कि बुधवार को जिले के नयागांव में हुए हादसे में बच्चा राय की पांच वर्षीय पुत्री सोनाली की मौत हो गई। सोनाली अपने एक भाई तथा दादा पंछी राय के साथ बोलेरो पर सवार होकर परसा थाना क्षेत्र के ढोलाही गांव जा रही थी। वहां पहुंचकर गाड़ी से उतरने के क्रम में दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने उक्त बच्ची को रौंद डाला। परिवार वाले उसे गाड़ी पर लादकर परसा अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।