प्रेमिका से रात में मिलने पहुंच गया सारण का युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा तो बताया चार साल से है प्रेम संबंध
सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक बगल के गांव का था। उसका उस युवती से चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों ने तब कुछ ऐसा कर दिया।
मशरक(सारण), संवाद सूत्र। मशरक थाना से सटे श्रीराम जानकी शिव मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार को प्रेमी युगल की शादी परिवार वालों की सहमति से कराई गई। दोनों के बीच चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की वजह से कई बार दोनों परिवार वालों के बीच झगड़ा भी हुआ। लेकिन दोनों के प्यार की जिद और ग्रामीणों के दबाव के आगे परिवार वालों को झुकना पड़ा। थाना में समझौता के बाद दोनों के परिवार वालों ने इस बाबत मशरक थाना में सहमति पत्र लिखकर दिया। उसके बाद मशरक श्रीराम जानकी शिव मंदिर के प्रांगण में शिव मंदिर के पुजारी टुना बाबा ने मंत्रोच्चार के बीच दोनों की शादी करवाई। सहाजितपुर थाना क्षेत्र के कटसा निवासी दीनानाथ महतो के पुत्र अनिल कुमार एवं मशरक थाना क्षेत्र के सिरसा जलालपुर गांव की युवती से सात फेरे ले लिए।
चार वर्षों से चल रहा था प्रेम संबंध
बताया जाता है कि अनिल को अपने रिश्तेदारी में आने वाली युवती से प्रेम हो गया। दोनों के बीच चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। इसका पता चल गया तो कई बार इस कारण विवाद भी हुआ। लेकिन दोनों का प्रेम दिनोंदिन प्रगाढ़ होता गया। गुरुवार रात अनिल अपनी प्रेमिका से मिलने जलालपुर पहुंचा। वह चुपके से प्रेमिका के घर में घुस गया। युवती के पिता की मौत हो चुकी है। उससे लड़के का बार-बार मिलने के लिए आना गांव वालों को नागवार गुजरा। लेागों ने उसे पकड़ लिया। खबर पाकर लड़के के घर वाले भी पहुंचे। तनाव बढ़ने लगा। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। दोनों पक्ष मशरक थाने पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों के समझाने-बुझाने पर शादी करने की सहमति बनी। दोनों पक्ष इसके लिए तैयार हो गए। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका को दूल्हा-दुल्हन का लिबास पहनाया गया। इसके बाद थाना परिसर के पास बने मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।