बेटा नहीं जनने पर विवाहिता की हत्या कर कुंडी से लटकाया शव, ससुरालवालों पर केस, नालंदा की घटना
नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मल्लाह बिगहा में सोमवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। इस बाबत मृतका की मां ने उसके ससुरालवालों पर दहेज प्रताड़ना व पुत्र नहीं जनने पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस्लामपुर (नालंदा), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के मल्लाह बिगहा मोहल्ले में सोमवार को दहेज की खातिर तीन बच्ची की मां की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद घर में छत के कुंडे से उसका शव लटका दिया गया। इस आशय का आरोप लगाते हुए मृतका की मां जहांआरा खातून ने दहेज प्रताड़ना व तीन बच्ची को जन्म देने के मामले में हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसमें पति समेत ससुराल के अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। हालांकि इसमें कहा जा रहा है कि प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली है।
बेटा नहीं होने पर प्रताड़ित करते थे ससुरालवाले
नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र के छज्जू मोहल्ला निवासी मो. खुर्शीद आलम की पुत्री अर्शी फातिमा का निकाह 2013 में इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मल्लाह बिगहा मोहल्ला निवासी मो. शमीम के पुत्र मो. सलाउद्दीन उर्फ मुन्ना के साथ हुआ था। शादी के बाद अर्शी ने तीन बेटियों को जन्म दिया। बेटा नहीं होने पर उसे ससुराल में उलाहना दिया जाने लगा। इस क्रम में प्रताड़ित भी किया जाता था। सोमवार को अर्शी फातिमा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में छत की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। घर पर कोई मौजूद नहीं था।
फंदे से लटका हुआ था शव, गायब थे ससुरालवाले
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मृतका के मायके में दी। मृतका के भाई सरफराज आलम और मां अपने स्वजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया।सरफराज ने बताया की उसकी बहन को लगातार तीन बेटी ही हुई थी। इसके चलते उसका पति हमेशा उसके साथ मारपीट करता रहता था। साथ ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मृतका की मां के बयान पर पति व ससुराल के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न तथा दहेज के लिए हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।