बक्सर में लापता महिला का शव कुएं से मिला, भाई ने कहा-पति के अवैध संबंध की वजह से हुई हत्या
चार दिनों से लापता 30 वर्षीय विवाहिता का शव कुएं से बरामद किया गया। चेहरे पर जख्म के निशान देख मृतका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि पति के अवैध संबंधों के चलते हुई हत्या।
बक्सर, जागरण संवाददाता। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पवनी से चार दिन से लापता विवाहिता का शव शुक्रवार की सुबह घर से थोड़ी ही दूर स्थित से बरामद किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
19 जुलाई से ही लापता थी गीता देवी
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह गांव के कुछ बच्चों की नजर कुंए में पड़े शव पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाया तब पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब कुंए से शव को बाहर निकलवाया तब उसकी पहचान गांव के ही प्रदीप कुमार गोंड की पत्नी गीता देवी (30 वर्ष) के रूप में की गई। पानी में पड़े होने के कारण शव बुरी तरह फुल चुका था। उससे दुर्गंध आ रहा था। इस बीच घटनास्थल पर पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि मृतका अर्ध विक्षिप्त थी। वह चार दिनों से घर से लापता थी।
पति के अवैध संबंधों की वजह से की गई हत्या
इधर मृतका गीता देवी के भाई श्रवण कुमार गोंड ने इसका खंडन करते कहा कि उनकी बहन विक्षिप्त नहीं बल्कि पूर्ण स्वस्थ थी। वह 19 जुलाई से ही गायब थी। ससुराल वालों से इसकी सूचना मिलने के बाद वे खुद भी खोजबीन के लिए पवनी गांव गए थे, पर कोई जानकारी नहीं मिली। बहन की मौत को भाई ने हत्या बताते हुए कहा किचेहरे पर पर मौजूद जख्मों के कई निशान इस बात की गवाही देते हैं कि हत्या से पहले उसे बुरी तरह मारा पीटा गया है उसके बाद हत्या की गई है।मृतका के भाई श्रवण कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति का गांव की ही किसी महिला के साथ नाजायज ताल्लुकात थे। पति के अवैध संंबंंधों में बाधक बनने के कारण ही उसकी हत्या कर दी गई है।श्रवण कुमार ने बताया कि 2011 में उनकी बहन गीता की शादी पवनी निवासी प्रदीप गोंड के साथ हुई थी। इस बीच उसे 10 साल, 8 साल और 10 माह की तीन बेटियां हुई थी। विगत चार दिनों से तीनों बच्चे मां के लिए लगातार रो रहे हैं, पर उनके आंसूओं को पोछने वाली मां अब नहीं है।
घटना की पुष्टि करते सदर डीएसपी गोरख राम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हत्या या आत्महत्या के बारे में कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल घटना को लेकर अभी कोई प्रथमिकी नहीं दर्ज कराई गई है। प्रथमिकी दर्ज होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।