बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से ऑटो पर सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत
साहेबपुर कमाल थाना के रघुनाथपुर ग्राम के निकट एनएच-31 पर यात्रियों से भरी एक ऑटो और ट्रैक्टर के बीच टक्कर में ऑटो पर सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।
संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय) : साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर ग्राम के समीप एनएच-31 पर शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे यात्रियों से भरी अनियंत्रित ऑटो ने सड़क के किनारी खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो पर सवार तीन यात्री की मौत दुर्घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि ऑटो चालक चौकी निवासी सूची पासवान के 30 वर्षीय पुत्र मनोज पासवान की मौत इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने के क्रम में हो गई।
मृतकों की पहचान चौकी ग्राम निवासी अशोक महतो के 55 वर्षीय पुत्र देवेंद्र महतो, शंभू महतो की 45 वर्षीय पत्नी ऊषा देवी एवं योगेंद्र महतो की 45 वर्षीय पत्नी विभा देवी के रूप में की गई। चौकी निवासी शेष पांच यात्री शैलेंद्र कुमार की पत्नी ऊषा देवी, देवेंद्र महतो की पुत्री निभा कुमारी उर्फ गुड्डी, संजीत महतो के पुत्र मानस कुमार एवं भोला महतो की पत्नी लालो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी यात्री खगड़िया जिला के कात्यायनी स्थान (माई थाना) से पूजा कर लौट रहे थे। यात्रियों को स्थानीय लोगों एवं स्थानीय पुलिस के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद ऑटो से बाहर निकाला जा सका। इसी बीच मौके पर पहुंची पीएचसी की एंबुलेंस से सभी यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए पीएचसी साहेबपुर कमाल भेजा गया। जहां चिकित्सक ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। घायल यात्रियों का इलाज पीएचसी में चल रहा है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टैंकलॉरी चालक की मौत
बेगूसराय: तेघड़ा थाना क्षेत्र के एनएच 28 स्थित गौरा के समीप एक होटल के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी टैंकलॉरी चालक मो. अली की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा पुलिस ने टैंकलॉरी सहित शव को अपने कब्जे में ले लिया एवं घटना की सूचना मृतक के स्वजन को दी। पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। घटना गुरुवार की रात्रि की बताई जा रही है।