तेजस्वी ने पूछा : देश क्या अलग-अलग नियम से चलेगा, हमारा दावा भी है सबसे मजबूत
कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने के बाद बिहार प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि क्या देश में सरकार चलाने के लिए अलग अलग कानून चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि यदि हमारे पास सबसे ज्यादा सीटें है तो फिर हम क्यों नहीं बिहार में सरकार बना सकते है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजधानी पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार बनाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी ने कर्नाटक में सामने आए राज्यपाल के फैसले का हवाला देते हुए कहा है कि अगर वहा सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते भाजपा को सरकार बनाने के लिए बुलाया जा सकता है, तो फिर बिहार में भी राजद को क्यों नहीं बुलाया जा सकता है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में चुनावों के बाद राजद-काग्रेस का सबसे बड़ा अलायंस था। इसलिए हमारा दावा भी सबसे मजबूत है।
तेजस्वी ने कहा कि हमारा प्री-पोल अलायंस था। हम सिंगल लार्जेस्ट पार्टी ही नहीं, सिंगल लार्जेस्ट ब्लाक भी हैं। कर्नाटक में राज्यपाल ने पोस्ट-पोल अलायंस को मौका नहीं दिया। देश क्या अलग-अलग नियम से चलेगा।
तेजस्वी ने प्रेस कांफ्रेंस कर तमाम विपक्षी दलों के पीछे सीबीआइ-ईडी को लगाए जाने का आरोप मढ़ा है। कहा, यह साफ तौर पर भाजपा द्वारा तानाशाही-गुंडागर्दी और लोकतंत्र की हत्या है। तेजस्वी ने पूछा कि भाजपा के पास यह कौन सा गुण है कि ये 104 को 112 कर देंगे। उन्होंने कहा कि सभी से अपील है कि देश, लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए एकजुट हों। सबलोग बेंगलुरु पहुंच कर इस निर्णय का विरोध करें। देश की सभी रीजनल पार्टिया विचार करें कि उन्हें किसे समर्थन करना है। कहा, इन लोगों को कर्नाटक का हित नहीं चाहिए। अगर येद्दियुरप्पा सरकार बना भी लें तो जोड़-तोड़ करेंगे और राज्य का विकास नहीं कर पाएंगे। हमलोगों को जो भी करना पड़े, अगर बेंगलुरु में रोड पर भी धरना करना पड़े तो करेंगे। इससे पहले तेजस्वी यादव ने एलान किया था कि वे कर्नाटक की तर्ज पर बिहार में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते सरकार बनाने के हकदार हैं। तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि वह इस बात को लेकर बिहार के राज्यपाल से मिलेंगे। उनके साथ सभी विधायक भी रहेंगे। तेजस्वी के इस ट्वीट के बाद बिहार में एक बार फिर सियासी घमासान का मचना तय है। तेजस्वी यादव ने बताया है कि वह इस मामले में बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मिलेंगे। वे अपने विधायकों के साथ राज्यपाल से मिलकर बिहार में 'सबसे बड़ी पार्टी' होने के नाते सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।