तेजस्वी ने महागठबंधन नेताओं को चेताया, चंद सीटों के लिए नहीं अड़ें, वरना...
राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीट बंटवारे के मसले पर सुलह की ओर बढ़ रहे महागठबंधन की सरगर्मी शनिवार को बढ़ा दी है। कांग्रेस समेत सभी सहयोगी दलों को चेतावनी दी है।
पटना, जेएनएन। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीट बंटवारे के मसले पर सुलह की ओर बढ़ रहे महागठबंधन की सरगर्मी शनिवार को बढ़ा दी है। कांग्रेस समेत सभी सहयोगी दलों को चेतावनी देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर चंद सीटों के लिए अड़े रहे तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
राजद नेता ने शनिवार को ट्वीट के जरिए कांग्रेस, रालोसपा, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) एवं वीआइपी पर अहंकारी होने का आरोप लगाया और अधिक से अधिक सीटों के लिए महागठबंधन में चल रही रस्साकशी पर विराम लगाने की अपील की। तेजस्वी के इस बयान के बाद महागठबंधन को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए तेजस्वी ने अपने ट्वीट में संकेत दिया है कि देश में यह आखिरी चुनाव भी हो सकता है। उन्होंने लिखा है कि संविधान और देश पर अभूतपूर्व संकट है। अगर अबकी बार विपक्ष से कोई रणनीतिक चूक हुई, तो फिर देश में चुनाव होंगे या नहीं, कोई नहीं जानता। सहयोगी दल अपनी चंद सीटें बढ़ाने और साथी दलों को घटाने की कोशिश नहीं छोड़ी, तो संविधान में आस्था रखने वाले लोग माफ नहीं करेंगे।
तेजस्वी ने लगातार कई ट्वीट किए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने लिखा कि बड़ी पार्टी होते हुए भी उन्होंने 2015 में संविधान बचाने के लिए मुख्यमंत्री की दावेदारी जदयू को दे दी। विधानसभा अध्यक्ष का पद भी उसे ही दे दिया।