तेजस्वी ने डाले कुशवाहा पर डोरे, कहा- चार सालों से राजग में उपेक्षित, हो रहा सौतेला व्यवहार
कानू अधिकार रैली में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के उपर डोरे डालने शुरू का दिये। कहा कि भाजपा उनके साथ सौतेला व्यवहा
पटना [राज्य ब्यूरो]। केंद्रीय मंत्री एवं रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को महागठबंधन में शामिल होने का न्योता देने के बाद राजद ने अब उनपर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं। रविवार को पहले ट्वीट एवं बाद में कानू अधिकार रैली में तेजस्वी ने कुशवाहा को भाजपा और जदयू के खिलाफ खूब भड़काया। विदित हो कि कुशवाहा की पार्टी रालोसपा अभी राजग का हिस्सा है। राजद की ओर से कुशवाहा को महागठबंधन में शामिल होने के न्योता पहले ही दिया जा चुका है।
पटना के बापू सभागार में कानू समाज की रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कुशवाहा को चार सालों से राजग में उपेक्षित किया जा रहा है। भाजपा उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा के साथ-साथ जदयू को भी निशाने पर लिया और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से मिलकर रालोसपा को तोडऩे की साजिश भी रची। तेजस्वी ने कुशवाहा को बड़े सामाजिक समूह का नेता करार दिया और कहा कि उस वर्ग से किसी को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया गया। दूसरी तरफ केंद्र में एक ही जाति के एक दर्जन से ज्यादा कैबिनेट मंत्री हैं।
भाजपा पर संविधान को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कुशवाहा को नसीहत भी दी। कहा कि वह सामाजिक न्याय की धारा से आते हैं। इसलिए उन्हें गोड्से-गोलवलकर और गांधी-आंबेडकर की दो धाराओं में से किसी एक को चुनना होगा। पिछड़ी जाति से आने के चलते कुशवाहा की काबिलियत को भाजपा तरजीह नहीं दे रही है।
कानू जाति को एससी में शामिल करे केंद्र
नेता प्रतिपक्ष ने कानू समाज का पक्ष लेते हुए उसे अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र में एक ही गठबंधन की सरकार है। फिर भी कानू समाज की मांग अनदेखी की जा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामबदन राय ने की।