तेजस्वी यादव को फिर याद आया एमवाई समीकरण, बोले- भाजपा में हिम्मत है तो अकेले चुनाव लड़े
Bihar Politics असदुद्दीन ओवैसी को तगड़ा झटका देने के अगले ही दिन तेजस्वी यादव ने किया राजद के पुराने एमवाई समीकरण का जिक्र बोले- राजद अब हर मायने में राजग से आगे भाजपा में राजद के साथ अकेले लड़ने की हिम्मत नहीं
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics: असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी एआइएमआइएम (Bihar AIMIM) के चार विधायकों को राजद में शामिल होने के बाद लालू यादव (Lalu Yadav) और उनके बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के हौसले बुलंद हैं। बिहार में राजद के तमाम नेता - कार्यकर्ता भी इससे खूब खुश हैं। एआइएमआइएम विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल कराने के अगले दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा को अकेले चुनाव लडऩे की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अगर हिम्मत है तो बिहार में राजद के साथ अकेले लड़कर देख ले। तेजस्वी राजद कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे।
तेजस्वी यादव बोले अब हर मायने में राजग से हम हैं आगे
तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद के लिए शुभ संकेत है कि विपक्ष में रहते हुए भी दूसरे दल के विधायक हमारे साथ आ रहे हैैं, क्योंकि भाजपा के पास आधार नहीं है। तेजस्वी ने दावा किया कि बोचहां उपचुनाव और चार विधायकों के राजद में शामिल होने के बाद वोट प्रतिशत में भी हम राजग से आगे निकल गए हैैं। करीब 15 हजार वोट से हम आगे हैैं। सीमांचल में भी हम मजबूत हुए हैं। हम जल्द ही वहां का दौरा करेंगे। राजद को मजबूत करेंगे। सीमांचल विकास आयोग बनाने के लिए संघर्ष करेंगे। लालू प्रसाद के साथ सीमांचल के लोगों का शुरू से जुड़ाव रहा है।
राजद के एटूजेड में एमवाई भी शामिल
तेजस्वी यादव ने कहा कि अख्तरूल ईमान जैसे लोग राजद को बड़ी पार्टी होने पर जो बयान दे रहे हैं, उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे भाजपा को बड़ी पार्टी के रूप में देखना चाहते थे। राजद जब एटूजेड की बात करता है तो इसका मतलब है कि एम-वाई भी उसी में आता है। मौके पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, अशोक कुमार सिंह, ललित यादव, भूदेव चैधरी, सुनील कुमार सिंह, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, सारिका पासवान आदि मौजूद थे।