बिहार उपचुनाव की जीत से तेजस्वी गदगद, नीतीश से मांगा इस्तीफा, कुशवाहा ने भी कही बड़ी बात
बिहार विधानसभा उपचुनाव में राजद को मिली जीत को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव काफी खुश हैं। कहा राजद की नीतियों को जनता ने पसंद किया है। उन्होंने नीतीश से इस्तीफा मांगा है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार विधानसभा उपचुनाव में राजद को मिली जीत को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव काफी खुश हैं। कहा राजद की नीतियों को जनता ने पसंद किया है। उन्होंने नीतीश से इस्तीफा मांगा है। वहीं रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी को इस जीत के बधाई दी है। साथ ही नीतीश कुमार पर तंज कसा है।
जनता ने राजद की नीतियों को पसंद किया : तेजस्वी
उपचुनाव में दो सीटों पर जीतकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का आत्म विश्वास फिर लौट आया है। नतीजे के तुरंत बाद तेजस्वी ने समर्थन देने के लिए जनता का आभार जताया और नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगा। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद आत्मविश्वास खो चुके तेजस्वी ने कहा कि मैंने उपचुनाव में जन सरोकार के मुद्दे पर लोगों से समर्थन मांगा था। खुशी है कि जनता ने जमीनी मुद्दों को तरजीह दी और राजद की नीतियों को पसंद किया। तेजस्वी ने राजग की हार को 15 वर्षों के कुशासन का परिणाम बताया और कहा कि यह जनता के लिए सबक की तरह है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा, आइटी, सीबीआइ और ईडी के साथ गठबंधन कर लिया है। उन्हें हराने के लिए वह और अधिक संघर्ष करेंगे।
कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष को दी बधाई
उधर रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उपचुनाव का परिणाम प्रदेश में बदलाव का संकेत है। लोगों ने सुशासन के दावे को नकार दिया है। मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी की करारी शिकस्त हुई है। लोगों ने विकास के दावे की पोल खोल दी है। नारों और घोषणाओं के बल पर नीतीश कुमार कितने दिन सत्ता में रहे सकते हैं? राजद की जीत के लिए उन्होंने तेजस्वी यादव को विशेष रूप से बधाई दी। कुशवाहा ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र के नतीजों ने भी साफ किया है कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है।