तेजस्वी बिना सुधार ना होई, लालू बिना चालू बिहार ना होई... वायरल हो रहा खेसारीलाल यादव का गाना
विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। हर राजनीतिक दल ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारीलाल यादव (Bhojpuri Actor Khesari Lal Yadav) का एक राजनीतिक गाना खूब वायरल हो रहा है।
पटना, आनलाइन डेस्क। विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। हर राजनीतिक दल ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारीलाल यादव (Bhojpuri Actor Khesari Lal Yadav) का एक राजनीतिक गाना लालू बिना चालू बिहार ना होई, खूब वायरल हो रहा है। वैसे तो राजद नेता अनिल सम्राट के समर्थन में ये गाना है। लेकिन इसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद (RJD Supremo Lalu Prasad) और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) का गुणगान भी खूब किया गया है। यूट्यूब पर रिलीज इस गाने ने पहले दिन ही रिकार्ड व्यूज हासिल कर लिए।
राजद प्रत्याशी के लिए खेसारी ने गाया गाना
लइका और बुढ़वा जवान बोलतावे, महंगी के नाव पर बाजार डोलतावे, तेजस्वी के बिना सुधार ना होई, ऐ भाई लालू बिना चालू ई बिहार ना होई...। म्यूजिक वीडियो की शुरुआत अनिल सम्राट से होती है। इसमें लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव की सभाओं को भी दिखाया गया है। तेजस्वी और रेचल का कंबल बांटते वीडियो भी इसमें शामिल किया गया है। बिहार की बदहाली को भी गाने में दर्शाया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार की परेशानियां गाने की पंक्तियों में शामिल है। बताया जाता है कि अनिल सम्राट नेता प्रतिपक्ष के काफी करीबी बताए जा रहे हैं। वे भोजपुरी फिल्मों में काम भी कर चुके हैं। भोजपुर से उन्हें राजद ने विधान परिषद का उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला यहां राजद से जदयू में गए कद्दावर नेता से होना तय माना जा रहा है।
राजद और कांग्रेस में सीटों को लेकर मचा है बवाल
बता दें कि विधान परिषद चुनाव के लिए राजद और कांग्रेस में रार ठनी है। सीटों को लेकर दोनों ओर से खूब शब्दबाण चलाए जा रहे हैं। राजद 2015 के समझौते के तहत कांग्रेस को चार सीटें दे रही हैं। वहीं कांग्रेस सात सीटें मांग रही हैं। इसको लेकर बयानबाजी थम नहीं रही। अब देखना है कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर क्या सामंजस्य बैठ पाता है।