पटना में लालू के 'कन्हैया' ने फिर बजायी बांसुरी, लोगों ने कहा- वाह-वाह
पटना के फतुहा में आयोजित एक धार्मिक समारोह में लालू प्रसाद यादव के 'कन्हैया' तेज प्रताप यादव ने बांसुरी वादन किया। इसपर वहां मौजूद लोग वाह-वाह कहते नजर आए।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कभी साइकिल चलाते हैं तो कभी रिक्शा या ट्रैक्टर पर घूमते हैं। तेज प्रताप बांसुरी वादन के लिए जाने जाते हैं। बीते दिन उन्होंने फिर बांसुरी बजाकर लोगों का मन माहा। मौका पटना के फतुहा स्थित मोजीपुर गांव में आयोजित यज्ञ समारोह का था।
तेज प्रताप यादव ने ट्वीट कर बताया है कि मौजीपुर में आयोजित श्री श्री गोवर्धन महायज्ञ का उन्होंने उद्घाटन किया। फिर, मुरली वादन कर जनता का प्यार पाया। तेज प्रताप यादव ने आयोजन से संबंधित कई तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
विदित हो कि तेज प्रताप यादव को धार्मिक प्रवृत्ति का माना जाता है। वे नियमित पूजा-पाठ करते हैं। वे बांसुरी (मुरली) वादन में निपुण हैं। वे शंख भी बजाते हैं। बांसुरी वादन के शौक के कारण उन्हें लालू प्रसाद यादव का 'कन्हैया' भी कहा जाता है।