राबड़ी देवी के 'अपमान' पर भड़के सुशील मोदी, लालू यादव की पार्टी को भी दी विरोध करने की सलाह
Bihar Politics बिहार की पहली और अब तक की इकलौती महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के अपमान पर राज्य के बड़े बीजेपी नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने खेद जताया है। उन्होंने राजद को भी इस मामले में विरोध जताने की सलाह दी है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: बिहार की पहली और अब तक की इकलौती महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 'अपमान' पर राज्य के बड़े बीजेपी नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने खेद जताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रभारी ने यदि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को 'मराठी राबड़ी देवी' कहा और इसे 'अपमान' या 'गाली' मान कर वहां की पुलिस ने कार्रवाई की। सुशील मोदी ने कहा कि राजद को कांग्रेस, शिवसेना और महाराष्ट्र सरकार से अपना विरोध प्रकट करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री का नाम असंसदीय शब्द कैसे?
उन्होंने पूछा है कि ठाकरे सरकार बताए कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री का नाम क्या कोई असंसदीय शब्द है? यह तो महाराष्ट्र पुलिस राबड़ी देवी का अपमान कर रही है। भाजपा जानना चाहती है कि क्या महाराष्ट्र पुलिस राबड़ी देवी को ऐसी सम्मानित महिला नहीं मानती, जिससे किसी मराठी की तुलना की जा सके?
महाराष्ट्र की पुलिस पर उठाए सवाल
राबड़ी देवी का अपमान वह महाराष्ट्र पुलिस कर रही है, जिसने सुशांत सिंह राजपूत के मामले में लीपापोती की और जिस पर 100 करोड़ रुपये महीने की अवैध वसूली के दाग लगे हैं। अब यदि हिम्मत है तो लालू प्रसाद इस मुद्दे पर सोनिया गांधी या उद्धव ठाकरे से बात करें। राजद बेवजह भाजपा को निशाना बना रहा है।
लालू के जेल जाने पर मुख्यमंत्री बनी थीं राबड़ी
लालू यादव के चारा घोटाले में जेल जाने के दौरान राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनी थीं। तब राबड़ी देवी को राजनीति की अधिक समझ नहीं थी। इसके लिए तब भी लालू के इस फैसले की खूब राजनीतिक आलोचना हुई थी। हाल में महाराष्ट्र के एक शख्स ने वहां के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीमार होने पर इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि राज्य को मराठी राबड़ी देवी मुख्यमंत्री के तौर पर मिलने वाली हैं। इसी मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।