इलियास हुसैन को सजा पर सुशील मोदी का तंज, RJD में जेल जाने वालों की कतार
अलकतरा घोटाले में राजद विधायक इलियास हुसैन को सजा हो गई है। इसपर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने तंज कसे हैं। उन्होंने लालू व उनकी पार्टी के नेताओं के बारे में क्या कहा, जानिए।
पटना [राज्य ब्यूरो]। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि अलकतरा घोटाले में राजद विधायक इलियास हुसैन को चार साल की सजा होने से साफ हो गया कि 15 साल के लालू-राबड़ी राज में बिहार की सड़कें इतनी बदहाल क्यों थी। उन्होंने कहा लालू यादव का साथ देने अब उनके पुराने सहयोगी इलियास भी रांची जेल पहुंच गए हैं। भाजपा अब इलियास के खिलाफ सीबीआइ से आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने का आग्रह करेगी।
पटना में मीडिया से बातचीत में मोदी ने कहा 1996 में जब विधानसभा में मैंने यह मामला उठाया तो सरकार ने 11 करोड़ रुपये के बीस हजार टन अलकतरा घोटाले की बात स्वीकार की। लेकिन सीबीआइ जांच से इनकार किया। घोटाला दबाने के लिए आनन-फानन में विधानमंडल की संयुक्त जांच समिति बना दी गई, जिसके संयोजक चारा घोटाले के अभियुक्त राजो सिंह बना दिए गए। इसके विरोध में भाजपा ने जांच समिति से इस्तीफा दे दिया। एक एक कर अन्य दलों के सदस्यों ने भी इस्तीफा दे दिया। आखिर में संयोजक राजो सिंह को भी इस्तीफा देना पड़ा।
मोदी ने कहा कि इस मामले को लेकर पटना हाई कोर्ट मैंने लोकहित याचिका दाखिल की थी। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद वकील थे। राज्य सरकार के विरोध के बावजूद हाई कोर्ट ने सीबीआइ जांच का आदेश दिया। दस अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कर मुकदमा चला, जिनमें नौ मामलों में आरोप पत्र गठित हो चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इलियास हुसैन के पीए शहाबुद्दीन बेग के घर जब सीबीआइ ने छापा मारा तो उनके टायलेट में बोरे में रखे नोट मिले थे।
मोदी ने कहा राजद में जेल जाने वालों की कतार लम्बी है। अभी लाइन में लालू परिवार के कई लोग है। मो. शहाबुद्दीन पहले से ही तिहाड़ जेल में हैं। राजबल्लभ यादव भी नाबालिग से बलात्कार के मामले में नवादा जेल में हैं। तेजस्वी यादव, राबड़ी यादव, मीसा भारती की भ्रष्टाचार से अर्जित तीन दर्जन से ज्यादा संपत्तियां जब्त हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू परिवार और राजद नेताओं के भ्रष्टाचार में कांग्रेस भी बराबर की हिस्सेदार है।