Sushant Singh Rajput Death Case: वकील बोले- जांच की जगह सुशांत मामले पर पर्दा डाल रही मुंबई पुलिस
सुशांत सिंह राजपूत के पिता के वकील विकास सिंह का मानना है कि मुंबई पुलिस ने मामले पर पर्दा डालकर रखा है। अभिनेत्री रिया सिंह समेत तमाम अभियुक्तों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
निर्भय सिंह, पटना। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह का मानना है कि मुंबई पुलिस ने पूरे मामले पर पर्दा डालकर रखा है। सबसे पहले इस मामले में एफआइआर दर्ज होने के बाद अभिनेत्री रिया सिंह समेत तमाम अभियुक्तों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। विकास सिंह ने बुधवार को दूरभाष पर बात करते हुए मुंबई पुलिस द्वारा की गई अबतक की जांच से असंतोष जताया।
मंत्री संजय कुमार झा की पहल पर हुई एफआइआर
विकास सिंह ने कहा कि सच पूछा जाए तो मुंबई पुलिस अभी तक मामले का अनुसंधान नहीं, बल्कि पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। मुंबई पुलिस का मकसद बड़ी-बड़ी हस्तियों को सिर्फ दिखाना भर है कि वह सक्रिय है।विकास सिंह ने पटना में एफआइआर दर्ज करने में देरी के बारे में भी स्पष्ट किया और कहा कि हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते बिहार पुलिस हाथ डालने से कतरा रही थी। किंतु जदयू नेता एवं मंत्री संजय कुमार झा से मेरी कई बार बात हुई तब जाकर एफआइआर दर्ज हो पाई।
मुंबई पुलिस जांच के नाम पर कर रही दिखावा
मुंबई में हुई इस घटना का पटना में एफआइआर दर्ज करने के सवाल पर विकास सिंह ने कहा कि इसमें क्या दिक्कत है? सुशांत सिंह के पिता पटना में रहते हैं। मां भी जीवित नहीं हैं और न ही कोई मदद करने वाला है। इसलिए एफआइआर तो पटना में हो ही सकती है। पूरे प्रकरण में मुंबई पुलिस को कठघरे में खड़ा करने के सवाल पर विकास ने कहा कि मीडिया में लगातार देखा जा रहा है कि रिया चक्रवर्ती एवं निर्देशक संजय लीला भंसाली जैसी कई हस्तियों से पुलिस सिर्फ पूछताछ ही कर रही है। महीने भर से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है। दरअसल, मुंबई पुलिस सिर्फ यह दिखाना चाहती है कि वह निष्पक्ष जांच कर रही है, किंतु सच्चाई यह है कि जांच के नाम पर आंख में धूल झोंकने का काम किया जा रहा है। मुंबई पुलिस दिखाना चाह रही है कि वह काफी सक्रिय है और अनुसंधान में जुटी है।