Sushant Singh Rajput Death: बिहार पुलिस खुद सक्षम, सुशांत के पिता चाहें तो करें CBI जांच की मांग: DGP
सुशांत मामले की सीबीआइ जांच को लेकर शनिवार को बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस खुद जांच में सक्षम है।
पटना, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में पटना में एफआइआर दर्ज होते ही बिहार पुलिस सक्रिय हो गई है। इस बीच हर ओर से मामले को लेकर सीबीआइ जांच की मांग उठने लगी है। सीबीआइ जांच को लेकर शनिवार को बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने बड़ा बयान दिया है। गुप्तेश्व पांडेय ने कहा कि बिहार पुलिस जांच के लिए सक्षम है। सुशांत के पिता को अगर बिहार पुलिस पर भरोसा नहीं है, तो वे सीबीआइ को केस सौंपने की मांग कर सकते हैं।
न्यूज एसेंसी एएनआइ से बातचीत में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि हमारे सीनियर ऑफिसर लगातार मामले की तफ्तीश में जुटे हैं। सुशांत मामले को लेकर कल हमारी डीसीपी क्राइम से बातचीत भी हुई थी। उन्होंने भी सहयोग करने को कहा है। डीजीपी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद मुंबई पुलिस द्वारा इकट्ठे किए गए सारे सबूत हमें सौंप दिए जाएंगे।
मुंबई पुलिस के जवान प्रोफेशनल, आरोप लगाना ठीक नहीं
गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि सुशांत मामले को लेकर मुंबई पुलिस पर आरोप लगाना सही नहीं है। मुंबई पुलिस के जवान प्रोफेशनल हैं। अपने आप में वे काबिल हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी से बिहार पुलिस की बात हुई है। जो भी दोषी होंगे उनके चेहरे से नकाब जल्द हटेगा। डीजीपी ने कहा कि जल्द से जल्द सच सबके सामने होगा। हां, अगर सुशांत के पिता को बिहार पुलिस के जवानों पर भरोसा न हो तो वे मामले की जांच सीबीआइ से कराने की मांग कर सकते हैं। डीजीपी ने बिहार पुलिस पर मुंबई पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार की बात का भी खंडन किया। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस के जवानों ने किसी तरह का बुरा बर्ताव नहीं किया। जो भी रिपोर्ट लोगों को मिली है वो गलत है, इसकी मैं निंदा करता हूं।