Sushant Singh Rajput Case: पिता के वकील बोले- CBI जांच को गुमराह करना चाहती रिया, मुंबई में FIR अवैध
Sushant Singh Rajput case सुशांत की मौत मामले में उनके पिता के वकील ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बयान दिया है। कहा है कि मुंबई में अलग एफआइआर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ है।
पटना, एएनआइ। Sushant Singh Rajput Case: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत मामले में नया टर्न आया है। इस मामले में मुख्य आरोपित सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) ने सुशांत की बहन प्रियंका सिंह (Priyanka Singh) के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के लिए शिकायत की है। सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने शिकायत आवेदन में रिया चक्रवर्ती के आरापों को बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने इसे पहले से चल रही जांच को गुमराह करने की कोशिश बताते हुए कहा है कि मुंबई पुलिस को इस मामले में एफआइआर दर्ज करने का कोई हक नहीं है। उधर, रिया के वकील ने भी इस मामले में एफआइआर के समर्थन में अपने तर्क दिए हैं।
सीबीआइ को भी दे सकतीं थी बयान
सुशांत के पिता के वकील केके सिंह ने कहा कि रिया चक्रवर्ती जो बात इस एफआइआर के माध्यम से कहना चाह रही हैं, वो सीबीआइ को अपने बयान में भी कह सकती थीं। सीबीअाइ को लगता तो उसपर अपनी चार्जशीट में विचार करता। उनकी दूसरी एफआइआर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की सीधी अवहेलना है।
बांद्रा पुलिस स्टेशन रिया का दूसरा घर
उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि मुंबई का बांद्रा पुलिस स्टेशन रिया चक्रवर्ती का दूसरा घर है। हर छोटे-छोटे मौके पर भाग कर वहां जातीं और शरण लेती हैं।
रिया चक्रवर्ती की एफआइआर साजिश का हिस्सा
वकील विकास सिंह ने कहा है कि रिया चक्रवर्ती की एफआइआर साजिश है। मुंबई पुलिस को इतने दिनों बाद प्रियंका सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करना गलत है। ये मामले को अलग मोड़ देने की कोशिश की जा रही है। यह मामला सीबीआइ के हाथ में है। रिया की शिकायत भारतीय दंड संहिता के सेक्शन 182 का उल्लंघन है। मुंबई पुलिस को इस मामले में कुछ भी करने का अधिकार नहीं है। अगर रिया की शिकायत दर्ज की गई तो सुशांत का परिवार कार्रवाई करेगा।
रिया के वकील ने भी रखी अपनी बात
इस बीच रिया चक्रवर्ती के वकील ने भी बांद्रा थाना में एफआइआर दर्ज करने के पक्ष में अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि सुशांत को गैरकानूनी तरीके से दवा देने के लिए डॉक्टर का गैरकानूनी प्रिस्क्रिप्शन बनवाने और ऐसी दवाएं देने का मामला अब प्रकाश में आया है। यह मामला बांद्रा पुलिस के क्षेत्राधिकार का है। इसलिए यहां एफआइआर दर्ज की गई है।
यह भी देखें: Rhea Chakraborty ने सुशांत की बहन के खिलाफ दर्ज कराई FIR, बहन Shweta ने दिया करारा जवाब