फरवरी में निकल आए गर्मी वाले कपड़े, पटना में पारा पहुंचा 31.4 डिग्री पर
पटना में धूप निकलने से फरवरी में ही गर्मी का अहसास होने लगा है।
पटना, जेएनएन। फरवरी में ही पटना का मौसम गर्मी वाला हो गया है। तेज धूप के कारण स्वेटर से तौवा कर शर्ट और टी-शर्ट निकल आई है। धूप की तेजी तो एेसी है कि दो मिनट लगातार खड़े नहीं हुआ जा सकता। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 31.4 तो न्यूनतम में 19.2 हो गया है। इसकी तहर गया का तापमान न्यूनतम में 15.4 तो अधिकतम में 31.2 रहा। मौसम विभाग के मुताबिक देश के तटीय इलाके में पश्चिमी विक्षोभ उठने के कारण 24 से 28 फरवरी तक राजधानी समेत बिहार के कई हिस्सों में मौसम फिर करवट बदल सकता है। आकाश में बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बारिश के साथ तापमान भी नीचे जा सकता है।
शुक्रवार को भी रही गर्मी
शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कल तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा है। ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी के साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा था। धूप में तल्खी के कारण गर्मी का अहसास हो रहा था। दिन में स्वेटर की जरूरत कम हो गई थी।