नालंदा में रात्रि गश्ती पर तैनात सब इंस्पेक्टर को पिकअप ने रौंदा, चालक की भी दर्दनाक मौत
नालंदा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक एकंगर सराय थाने में पदास्थापित सहायक दारोगा थे।
नालंदा, जेएनएन। शहर के एकंगर सराय चौराहे पर शनिवार की देर रात करीब 2.30 बजे दो पिकअप वैन अनियंत्रित होकर भिड़ी और पलट गई। दर्दनाक हादसे में रात्रि गश्ती में तैनात सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार पासवान वैन के नीचे दब गए। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दो में से एक गाड़ी के ड्राइवर को गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे वैन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शेखपुरा के रहने वाले आशोक कुमार पासवान एकंगर सराय थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदास्थापित थे। उनकी ड्यूटी रात्रि गश्ती में लगी थी। रोज की तरह शनिवार को अशोक डयूटी पर तैनात थे। बताया जाता है कि देर रात करीब 2.30 बजे एकंगर सराय चौराहे के गोलंबर पर हिलसा और जहानाबाद की ओर से आ रही दो पिकअप वैन आपस में भिड़ गई। जोरदार टक्कर के बाद दोनों गाड़ी पलट गई। हादसे में अशोक वैन के नीचे दब गए।
जबतक उन्हें निकाला जाता उनकी मौत हो चुकी थी। इसी दुर्घटना में वैशाली निवासी वैन चालक संजीत राय ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद एकंगर सराय थाने में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक सहायक दारोगा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप