गोपालगंज में दुल्हन की विदाई के समय बजाए अश्लील गीत, विरोध पर छात्र की हत्या
गोपालगंज में शनिवार को एक छात्र की अश्लील गीत बजाने का विरोध करने पर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है।
गोपालगंज, जेएनएन। नगर थाना क्षेत्र के तिरबिरवां गांव में शनिवार को बरात में अश्लील गीत बजाने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इसके बाद चाकूबाजी शुरू हो गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायय हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। मृतक बीटेक का छात्र था। इस घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। मौके पर डीएम अनिमेष कुमार पराशर तथा पुलिस अधीक्षक राशिद जमा कैंप कर रहे हैं।
बताया जाता है कि तिरबिरवां गांव निवासी बीटेक का छात्र अमजद अली कुछ दिन पहले अपने गांव आया था। शुक्रवार की रात इस गांव के निवासी दीनानाथ मांझी की पुत्री की शादी के बाद बारात विदा हो रही थी। विदाई के समय बराती ट्राली पर लाउडस्पीकर बांध कर अश्लील गीत बजाने लगे। जिसका अमजद अली तथा उसके साथी विरोध करने लगे। जिसको लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद दो गुट के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई चाकूबाजी में अमजद अली तथा सोने कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान अमजद अली की मौत हो गई।